दिल्ली-NCR में 4.9 तीव्रता के भूकंप से हड़कंप मच गया। नोएडा, गाजियाबाद समेत कई इलाकों में झटके महसूस हुए। NCS के मुताबिक भूकंप का केंद्र उत्तराखंड के चमोली क्षेत्र में था।

रात का वक्त था और ज्यादातर लोग अपने घरों में थे। तभी अचानक फर्श और इमारतें हिलने लगीं। दिल्ली-NCR में 6 अक्टूबर की रात करीब 10:23 बजे महसूस हुए भूकंप के झटकों ने कुछ ही सेकंड में लोगों को घरों से बाहर आने पर मजबूर कर दिया। नोएडा, गाजियाबाद और आसपास की ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों के बीच खासा डर दिखा। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है।

4.9 की तीव्रता, चमोली रहा केंद्र

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक दिल्ली-NCR में महसूस हुए झटकों की तीव्रता 4.9 थी और इसका केंद्र उत्तराखंड के चमोली क्षेत्र में रहा। भूकंप की गहराई करीब 13 किलोमीटर बताई गई है। झटके दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद के अलावा उत्तराखंड और उत्तर भारत के कई हिस्सों में महसूस किए गए। ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों ने करीब कुछ सेकंड तक कंपन महसूस होने की बात कही। कई लोग एहतियातन बिल्डिंग से बाहर निकल आए।

Scroll to load tweet…

यह भी पढ़ें: राहुल बोले- ‘मुझे हटाना है तो हटाइए’, फिर लिया गया हिरासत में; SIR पर क्यों अड़ा विपक्ष?

दिल्ली-NCR में क्यों महसूस होते हैं तेज झटके?

दिल्ली-NCR भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र है। हिमालयी क्षेत्र में लगातार होने वाली टेक्टोनिक गतिविधियों का असर दूर तक महसूस हो सकता है। यही वजह है कि उत्तराखंड में आए भूकंप के झटके राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तक पहुंचे। भूकंप के दौरान जमीन के भीतर जमा ऊर्जा अचानक रिलीज होती है। टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल और फॉल्ट के आसपास तनाव बढ़ना इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं।

डरने से ज्यादा जरूरी है सावधानी

भूकंप के बाद फिलहाल हालात सामान्य बताए गए हैं और किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे समय में घबराकर सीढ़ियों या लिफ्ट की तरफ भागने के बजाय सुरक्षित जगह पर रहना बेहतर होता है। घर के अंदर हों तो मजबूत टेबल के नीचे सिर और गर्दन को ढकें और झटके रुकने के बाद ही बाहर निकलें। NCS की वेबसाइट पर देश और आसपास के क्षेत्रों में दर्ज भूकंपीय गतिविधियों की जानकारी लगातार अपडेट की जाती है।

यह भी पढ़ें: मुरादाबाद से अजमेर तक दरिंदगी की कहानी, हर परिवार के लिए आंखें खोलने वाली खबर