गुजरात के सुरेंद्रनगर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां महिला को पेड़ से बांधकर ना सिर्फ बेरहमी से पीटा गया, बल्कि हैवानों ने बारी बारी पीड़िता का रेप भी किया। इसके बाद आरोपी ने जबरन संबंध बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
गुजरात के सुरेंद्रनगर में एक महिला के साथ ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर कथित तौर पर गैंगरेप और बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
पति को छोड़ दूसरे युवक के साथ रहने लगी थी महिला
- पुलिस के मुताबिक, महिला अपने पति को छोड़कर दूसरे युवक के साथ रहने लगी थी। महिला के इस फैसले से उसका पति और परिवार के लोग नाराज थे। आरोप है कि उन्होंने महिला को जबरन घर में बंद कर दिया था।
- महिला किसी तरह वहां से निकलकर फिर उस युवक के पास पहुंच गई, जिसके साथ वह रह रही थी। इसके बाद आरोपियों ने उसका पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया।
‘शुद्धिकरण’ के नाम पर महिला को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, महिला और उसके साथ रहने वाले युवक को ‘शुद्धिकरण’ की रस्म के नाम पर सुरेंद्रनगर वापस लाया गया। आरोप है कि महिला को एक पेड़ से बांध दिया गया और उसके साथ डंडों से मारपीट की गई। उसे लात-घूंसों से भी पीटा गया।
युवक को महिला के साथ जबरन संबंध बनाने को किया मजबूर
आरोप है कि इसके बाद महिला के साथ रह रहे युवक पर भी दबाव बनाया गया। उसे महिला के साथ जबरन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया। आरोपी इस पूरी घटना को देखते रहे और इसका वीडियो भी बनाते रहे।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
- घटना का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद सुरेंद्रनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले महिला को तलाशकर उससे पूछताछ की।
- महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति को छोड़कर दूसरे युवक के साथ रहने लगी थी। उसके पति ने उसे पकड़कर घर में बंद कर दिया था। वहां से भागने के बाद वह फिर युवक के साथ मिली, जिसके बाद आरोपियों ने दोनों को पकड़ लिया।
पति समेत 9 आरोपी गिरफ्तार
- सुरेंद्रनगर के एसपी प्रेमसुख डेलू ने बताया कि पुलिस को महिला और उसके साथ मौजूद युवक के साथ मारपीट और उत्पीड़न का वीडियो मिला था। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
- पुलिस ने मामले में महिला के पति समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

