दिल्ली पुलिस ने एडिशनल डीसीपी का AI-जनरेटेड फर्जी छेड़छाड़ वाला पोस्टर और वीडियो वायरल करने के आरोप में यूट्यूबर नदीम अहमद को गिरफ्तार किया है। जानें इस पूरी साजिश, फंडिंग और पुलिस जांच से जुड़ी हर बड़ी अपडेट।
Delhi Police AI Poster: राजधानी दिल्ली से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दिल्ली पुलिस की छवि को धूमिल करने और समाज में अराजकता फैलाने के लिए एक खतरनाक साजिश रची गई। पुलिस ने एक फर्जी और एआई-जनरेटेड (AI-generated) पोस्टर को सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में 24 साल के एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक 'News Aiyna' नाम से एक यूट्यूब चैनल चलाता था, जिसके जरिए उसने पुलिस अधिकारियों की साख पर बट्टा लगाने की नापाक कोशिश की थी।
क्या है पूरा मामला और कैसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा?
पूरा विवाद 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर हुई एक घटना से शुरू हुआ, जब प्रदर्शन के दौरान एक स्वतंत्र महिला पत्रकार रोजी को हिरासत में लिया गया था। इसके बाद महिला पत्रकार ने एडिशनल डीसीपी (Addl DCP) विवेक भगत पर यौन उत्पीड़न और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगाए थे। इस आरोप के ठीक बाद सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें और पोस्टर आग की तरह फैल गए, जिसमें एडिशनल डीसीपी को महिला पत्रकार के साथ छेड़छाड़ करते हुए दिखाया गया था। जब पुलिस ने अपनी सोशल मीडिया मॉनिटरिंग यूनिट के जरिए इन वायरल तस्वीरों की गहराई से जांच की, तो सारा सच सामने आ गया।

यूट्यूबर नदीम अहमद की गिरफ्तारी और चौंकाने वाले खुलासे
जांच के धागे जब जोड़े गए तो पुलिस हरियाणा के रहने वाले 24 वर्षीय नदीम अहमद तक पहुंच गई, जो 'News Aiyna' चैनल का संचालन कर रहा था। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के दौरान उसके पास से कई एआई टूल्स बरामद किए गए। पूछताछ में नदीम ने कबूल किया कि उसने दिल्ली पुलिस की छवि को खराब करने और देश में दंगे जैसी स्थिति पैदा करने के लिए जानबूझकर यह एआई-जनरेटेड फर्जी सामग्री तैयार की थी। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर के तहत दंगे भड़काने और शांति भंग करने की धाराएं भी जोड़ दी हैं।
विदेशी कनेक्शन और गहरी साजिश की हो रही है जांच
अब दिल्ली पुलिस इस बात की टोह लेने में जुटी है कि इस साजिश के पीछे क्या सिर्फ अकेला नदीम था या फिर इसके तार किसी बड़े सिंडिकेट से जुड़े हैं। पुलिस इस एंगल पर भी गहराई से छानबीन कर रही है कि क्या आरोपी को कहीं से फंडिंग मिल रही थी या इसके पीछे कोई विदेशी कनेक्शन या किसी संगठन का हाथ है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि नदीम ने साकेत के एक मदरसे में पढ़ाई की थी और वह 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुका था। बहरहाल, पुलिस इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की ताबड़तोड़ कार्रवाई में जुटी है।


