Delhi Accident: दिल्ली के कीर्ति नगर में कार ने सुबह की सैर से लौट रहे 79 वर्षीय दयानंद टांगरा और उनकी 71 वर्षीय पत्नी कुसुम को पीछे से टक्कर मार दी। दोनों हवा में उछलकर गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने 49 वर्षीय महिला ड्राइवर को गिरफ्तार किया है।

Delhi Hit and Run: राजधानी दिल्ली के पश्चिमी इलाके कीर्ति नगर से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है। यहाँ सुबह की सैर से घर लौट रहे एक बुजुर्ग दंपत्ति को तेज रफ्तार हुंडई क्रेटा कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर लगते ही दोनों बुजुर्ग हवा में कई फीट ऊपर उछलकर दूर जा गिरे। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ड्राइवर की लापरवाही साफ तौर पर देखी जा सकती है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

Scroll to load tweet…

सुबह की सैर के दौरान हुआ खौफनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे कीर्ति नगर के आर्य समाज मंदिर के पास हुई। 79 वर्षीय दयानंद टांगरा और उनकी 71 वर्षीय पत्नी कुसुम टांगरा अपनी मॉर्निंग वॉक के बाद घर वापस लौट रहे थे। तभी पीछे से आ रही एक हुंडई क्रेटा कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में दयानंद के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी के शरीर के पिछले हिस्से में गहरी चोट लगी है। यह दंपत्ति कीर्ति नगर में ही रहता है, जबकि उनकी दोनों बेटियां अमेरिका में रहती हैं।

सीसीटीवी में कैद हुई संवेदनहीनता और भागने की कोशिश

इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज ने हर किसी को हैरान कर दिया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला बिजली के खंभे के पास गिरीं और पति सड़क पर औंधे मुंह जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद कार चला रही महिला ड्राइवर उतरी और घायल दयानंद की तरफ गई भी, लेकिन कुछ सेकंड वहां रुकने के बाद वह बिना मदद किए अपनी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गई। हालांकि, राहगीरों की मदद से बुजुर्ग दंपत्ति को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Scroll to load tweet…

पुलिस की कार्रवाई: आरोपी महिला गिरफ्तार, कार जब्त

पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि इस मामले में कीर्ति नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 के तहत लापरवाही से गाड़ी चलाने और जान जोखिम में डालने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पहचान करने के बाद 49 वर्षीय आरोपी महिला ड्राइवर नवलीन कौर को गिरफ्तार कर लिया है, जो पेशे से हाउसवाइफ हैं। पुलिस ने दुर्घटना में इस्तेमाल की गई हुंडई क्रेटा कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है।