Delhi Train Cancelled: 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली कई ट्रेनें रद्द कर दी हैं। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है और सभी बॉर्डर्स पर सुरक्षा बढ़ा दी है।

नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। सूत्रों के मुताबिक, 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। रेलवे को आशंका है कि प्रदर्शन की वजह से स्टेशनों के आस-पास भारी ट्रैफिक जाम लग सकता है।

रेलवे ने जारी की एडवाइजरी

9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली ऐसी सभी ट्रेनें, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच दिल्ली पहुंचना था, उन्हें उनके शुरुआती स्टेशन पर ही रद्द कर दिया जाएगा। खुफिया एजेंसियों के इनपुट और ट्रैफिक एडवाइजरी के बाद रेलवे ने यह कदम उठाया है। इनपुट्स में बताया गया था कि इस दौरान दोनों रेलवे स्टेशनों के आस-पास भारी जाम लग सकता है। सूत्रों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और उन्हें जाम की परेशानी से बचाने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।

भोपाल से चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस भी कैंसिल

इसके अलावा, पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने भी एक जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 9 अक्टूबर को चलने वाली ट्रेन नंबर 22221 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (मुंबई)-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस को कुछ तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने एक नोटिस जारी कर बताया कि इस ट्रेन को इसके शुरुआती स्टेशन से ही कैंसिल कर दिया गया है। भोपाल से इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा का प्लान उसी हिसाब से बनाएं और किसी भी अपडेट के लिए रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा का इस्तेमाल करें। यात्रियों को हुई इस परेशानी के लिए रेलवे ने खेद भी जताया है।

दिल्ली पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर

  • दूसरी तरफ, 10 अक्टूबर के इस प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। राजधानी के कई बॉर्डर्स पर चौकसी बढ़ा दी गई है। गाजीपुर, चिल्ला, टीकरी, सिंघु, गुरुग्राम, कापसहेड़ा, लोनी और बदरपुर बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस इन इलाकों में होने वाली हर हलचल पर पैनी नजर रख रही है।
  • आपको बता दें कि CJP ने 'वोट चोरी' के आरोप और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है। पुलिस ने इसके पीछे कम समय में नोटिस देने, पहले के प्रदर्शनों में नियमों का पालन न करने और कानून-व्यवस्था व ट्रैफिक की समस्या का हवाला दिया है।

क्या सीजेपी ने दिल्ली पुलिस से ली प्रदर्शन की अनुमति

दिल्ली पुलिस की जॉइंट कमिश्नर नूपुर प्रसाद ने बताया कि 7 अक्टूबर को नई दिल्ली जिले में CJP के सह-संयोजक सौरभ दास की तरफ से एक आवेदन मिला था, जिसमें इस प्रदर्शन की जानकारी दी गई थी। हमने इस पर विचार किया और पाया कि यह जानकारी बहुत कम समय में दी गई है। नियमों के मुताबिक, किसी भी प्रदर्शन से 10 दिन पहले इसकी जानकारी देनी होती है। इसके अलावा, यह बताना भी जरूरी है कि इससे पहले जब कॉकरोच जनता पार्टी को वहां प्रदर्शन की इजाजत दी गई थी, तब उन्होंने कानूनी निर्देशों और अपने ही वादों का पालन नहीं किया था। इसलिए, पुराने नियमों के उल्लंघन, मौजूदा कानून-व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा व ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए, इस बार उन्हें प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई है।"