Delhi Crime: दिल्ली में जिस तरह से लूट और चोरी की घटनाएं हो रहीं उससे तो यह साफ है कि अब दिल्ली सेफ नहीं। एक दिन में हुईं दो बड़ी वारदातों ने पुलिस पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक शख्स से1 करोड़ रुपये कैश लूट लिए। तो दूसरी तरफबिजनेसमैन के घर से करीब 2.5 करोड़ की चोरी कर दी।
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार, 7 सितंबर की शाम दरियागंज इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने एक शख्स से बंदूक की नोक पर 1 करोड़ रुपये कैश लूट लिए। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित एक ऑटो-रिक्शा में सफर कर रहा था, तभी यह वारदात हुई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि घटना शाम के वक्त दरियागंज इलाके में हुई। पीड़ित ऑटो-रिक्शा में बैठा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार हमलावर उसके पास पहुंचे।
पिस्टल दिखाकर लूटे 1 करोड़
- बदमाशों ने पीड़ित को पिस्टल दिखाकर डराया और कैश से भरा बैग छीन लिया। लूट को अंजाम देने के बाद हमलावर अपनी मोटरसाइकिल पर मौके से फरार हो गए।
- पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल पुलिस घटना की पूरी कड़ी को समझने की कोशिश कर रही है।
एक और मामले में 2.5 करोड़ की चोरी
- वहीं, एक दूसरी घटना में दिल्ली के तिमारपुर इलाके में एक बिजनेसमैन के घर से करीब 2.5 करोड़ रुपये की नकदी, सोने और हीरे के गहने चोरी हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त परिवार ऑस्ट्रेलिया गया हुआ था। घर में काम करने वाले दो नौकर, जिनके पास घर की चाबियां थीं, मुख्य संदिग्ध हैं और फिलहाल फरार चल रहे हैं।
- पुलिस के अनुसार, बिजनेसमैन अनुज गुप्ता तिमारपुर के मॉल रोड पर स्थित रिवेरा अपार्टमेंट्स के पहले फ्लोर पर रहते हैं, जबकि उनके छोटे भाई अंशुल फ्लैट के दूसरे हिस्से में रहते हैं।
- अनुज 2 सितंबर को अपने परिवार के साथ ऑस्ट्रेलिया गए थे। चोरी का पता रविवार सुबह तब चला जब उनका भतीजा उज्ज्वल पहली मंजिल पर पहुंचा और देखा कि फ्लैट का दरवाजा खुला है, अलमारियां खुली हैं और सारा सामान बिखरा पड़ा है।
- पुलिस ने बताया कि अंशुल शनिवार को अपनी दुकान के लिए निकले थे और रात करीब 10 बजे लौटे, लेकिन उस वक्त चोरी का पता नहीं चला। बाद में उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद तिमारपुर थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
- पुलिस ने अपार्टमेंट और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्धों की हरकतें कैद हो गईं। अनिल और विक्की नाम के घरेलू नौकर 5 सितंबर को फ्लैट में दाखिल हुए थे और घटना के बाद से ही फरार हैं।
- पुलिस को शक है कि दोनों को घर में रखे कैश और कीमती सामान के बारे में पता था और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
- चोरी की सूचना मिलने के बाद अनुज ऑस्ट्रेलिया से दिल्ली लौटे और पुलिस को चोरी हुए कैश और कीमती सामान की लिस्ट दी। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
