Delhi Water Supply Alert: दिल्ली के कई इलाकों में 8 नवंबर तक पानी की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। अपर गंगा नहर की सफाई से कच्चे पानी की आपूर्ति घटेगी। जानिए किन इलाकों में असर पड़ेगा और क्या करें।

दिल्ली में रहने वालों के लिए आने वाले दिन पानी को लेकर थोड़े मुश्किल हो सकते हैं। राजधानी के दक्षिण और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में 8 नवंबर तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहने की आशंका है। वजह कोई स्थानीय पाइपलाइन फटने की घटना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में चल रहा अपर गंगा नहर का सालाना सफाई और मरम्मत का काम है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से जरूरत के मुताबिक पहले से पानी का इंतजाम रखने की अपील की है।

इन इलाकों में कम हो सकती है पानी की सप्लाई

NDMC के मुताबिक भारती नगर, गोल्फ लिंक्स, लोदी एस्टेट, खान मार्केट, रवींद्र नगर, लोदी रोड के कुछ हिस्से, दिल्ली हाई कोर्ट, बापा नगर, पंडारा रोड, जोर बाग और लोदी कॉलोनी के कुछ हिस्सों में असर पड़ सकता है। इसके अलावा बीके दत्त कॉलोनी, अमृता शेरगिल मार्ग, जनपथ के कुछ हिस्से, अलीगंज, पृथ्वीराज रोड के कुछ हिस्से, किदवई नगर, लक्ष्मीबाई नगर, राष्ट्रपति भवन परिसर, नए PMO और काका नगर में भी पानी की उपलब्धता प्रभावित होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: 5 बच्चों के बाप के संग फरार हो गई 3 बच्चों की मां? बाराबंकी की इस कहानी ने मचाई सनसनी

सोनिया विहार प्लांट से सप्लाई क्यों रुकेगी?

अपर गंगा नहर की सफाई और मरम्मत उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग कर रहा है। इस दौरान दिल्ली पहुंचने वाले कच्चे पानी की मात्रा प्रभावित हो रही है। यही पानी सोनिया विहार और भागीरथी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचता है। अपर गंगा नहर से दिल्ली को रोजाना करीब 256 MGD कच्चा पानी मिलता है। इसमें 144 MGD सोनिया विहार और 112 MGD भागीरथी प्लांट को मिलता है। सोनिया विहार WTP की सप्लाई प्रभावित रहने के दौरान यमुना के पानी से व्यवस्था चलाने की बात कही गई है।

पानी के स्वाद में भी आ सकता है बदलाव

सप्लाई के स्रोत में बदलाव के कारण कुछ इलाकों में पानी की उपलब्धता कम होने के साथ उसके स्वाद में भी अंतर महसूस हो सकता है। मरम्मत के दौरान पानी में गंदलापन बढ़ने की समस्या भी सामने आ सकती है।

जल विभाग के अधिकारी उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के संपर्क में हैं और काम जल्द पूरा कराने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल दिल्लीवासियों के लिए सीधी सलाह है कि 8 नवंबर तक जरूरत के हिसाब से पर्याप्त पानी पहले से स्टोर करके रखें।

यह भी पढ़ें: ₹1,800 में बना डाला AC! झांसी की 16 साल की बेटी का ये जुगाड़ देख दुनिया रह गई हैरान