एक डच-मोल्डोवन कपल ने पहली बार भारतीय ट्रेन में सफर किया। दिल्ली से आगरा तक ₹660 के AC केबिन का अनुभव शानदार रहा, लेकिन गंदे टॉयलेट और स्टेशन की भीड़ से उनका अनुभव खट्टा-मीठा रहा। उन्होंने इस पर एक वायरल वीडियो शेयर किया।
नई दिल्ली: भारतीय ट्रेनों में सफर करना अपने आप में एक अलग अनुभव होता है। अब एक डच-मोल्डोवन कपल ने पहली बार इंडियन रेलवे में सफर किया और अपने खट्टे-मीठे एक्सपीरियंस का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो काफी वायरल हो रहा है। डच महिला निको और उनके पार्टनर वेस दिल्ली से आगरा के लिए ट्रेन में बैठे थे। ताजमहल देखने के लिए उन्होंने करीब दो घंटे के इस सफर के लिए AC स्लीपर केबिन बुक किया था। इस टिकट के लिए उन्हें सिर्फ छह यूरो यानी करीब 660 रुपये खर्च करने पड़े।
शानदार ट्रेन यात्रा का अनुभव
निको ने बताया कि शुरू में सही कोच और सीट खोजने में थोड़ी मुश्किल हुई, लेकिन केबिन में पहुंचने के बाद उनका अनुभव उम्मीद से कहीं बेहतर था। उन्होंने बताया कि केबिन साफ-सुथरा और काफी बड़ा था। एयर कंडीशनिंग, दो बेड, प्राइवेसी के लिए पर्दे, एक शीशा और काम करती हुई लाइटें जैसी सुविधाएं देखकर वे काफी खुश हुईं। निको ने इसे 'बहुत कम कीमत में एक शानदार सौदा' बताया।
'टॉयलेट, उफ्फ।।। बहुत गंदा'
हालांकि, ट्रेन के टॉयलेट की हालत देखकर निको का मूड खराब हो गया। उन्होंने बताया कि वहां बहुत बदबू थी और वह बिल्कुल भी साफ नहीं था। कपल ने यह भी बताया कि यात्रा के दौरान सीट पर खाना ऑर्डर करने की सुविधा थी और वेंडर भी खाने-पीने का सामान बेच रहे थे। लेकिन, उन्होंने किसी भी वेंडर से कुछ भी खरीदने से परहेज किया।
'लगता है मुझे बाहर निकाल देंगे'
जब ट्रेन आगरा रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो उनका अनुभव एक अलग ही लेवल पर चला गया। स्टेशन पर भारी भीड़ और अफरा-तफरी देखकर निको ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'मुझे लगता है कि मुझे आगरा से बाहर निकाल दिया जाएगा।' 43 सेकंड के इस वीडियो के वायरल होने के बाद कई लोगों ने कमेंट्स में भारतीय ट्रेनों से जुड़े अपने अनुभव और राय शेयर की है।
