चंडीगढ़ में विजिलेंस ने एसएचओ सुनीता बावा को 50000 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। वह एक व्यक्ति को ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी दे रही थी। गिरफ्तारी के बाद उनका हंसते हुए वीडियो वायरल है और उन पर केस दर्ज हुआ है।
विजिलेंस अधिकारियों ने चंडीगढ़ में एक महिला सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। इस गिरफ्तार अधिकारी का नाम सुनीता बावा है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिला अधिकारी गिरफ्तारी के बाद भी बिना किसी शर्म के हंसते हुए पुलिस स्टेशन से बाहर निकलती दिख रही है।
वायरल हुआ गिरफ्तारी का वीडियो!
सब-इंस्पेक्टर सुनीता बावा ने गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बात करते हुए बड़ी ही बेशर्मी से जवाब दिया। उसने कहा, "कुछ नहीं हुआ है... सब ठीक है। कभी-कभी ऐसे छोटे-मोटे उतार-चढ़ाव आते रहते हैं।" एक पीड़ित ने रिश्वत मांगने की शिकायत की थी, जिसके बाद फिरोजपुर रेंज की इंस्पेक्टर गगनदीप कौर की टीम ने यह छापेमारी की। सुनीता ने मीडिया के सवालों का हंसते हुए जवाब दिया और कहा कि ऐसे हालात में इंसान को हिम्मत रखनी चाहिए, कोई दिक्कत नहीं है, सब अच्छा होगा।
50 हजार की रिश्वत लेते हुई गिरफ्तार
कोट ईसे खां (Kot Ise Khan) की स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) इंस्पेक्टर सुनीता बावा और उनके गनमैन को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने ड्रग्स तस्करी के आरोप में एक शख्स को पकड़ा था। सुनीता बावा इसी केस में गांव के एक अन्य व्यक्ति को फंसाने की धमकी देकर रिश्वत मांग रही थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 50 हजार रुपये एडवांस ले चुकी थी। विजिलेंस टीम ने बाकी के 50 हजार रुपये लेते समय छापा मारकर उसे दबोच लिया।
विजिलेंस अधिकारियों ने शिकायत मिलने के बाद शुरुआती जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। उन्होंने रात करीब 9 बजे ऑपरेशन को अंजाम देने का प्लान बनाया। विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और फील्ड में उतर गई। इंस्पेक्टर सुनीता ने सरकारी गवाहों की मौजूदगी में अपने गनमैन की मदद से पीड़ित से 50 हजार रुपये की रिश्वत ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
