Mathura Gurukul Accident: यूपी के मथुरा में एक आवासीय स्कूल की पानी की टंकी साफ करने उतरे चार छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। आशंका है कि टंकी के अंदर जहरीली गैस बनने की वजह से यह हादसा हुआ।

Vrindavan News: उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे ने हड़कंप मचा दिया। चैतन्य विहार स्थित महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में पानी की टंकी में उतरे चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में टंकी के अंदर जहरीली गैस की आशंका जताई गई है।

टंकी से आ रही थी दुर्गंध, पहले एक छात्र उतरा

पुलिस के मुताबिक, गुरुकुल परिसर में मौजूद एक पानी की टंकी से दुर्गंध आने के बाद छात्रों ने उसे साफ करने की कोशिश की। टंकी करीब 12 से 15 फीट गहरी और लंबे समय से इस्तेमाल में नहीं थी। पहले एक छात्र टंकी के अंदर गया, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आया। इसके बाद उसे बचाने के लिए चार अन्य छात्र भी एक-एक करके अंदर उतर गए।

पांचों छात्र अंदर हुए बेहोश

टंकी के अंदर पहुंचने के बाद पांचों छात्र बेहोश हो गए। बाहर मौजूद छात्रों और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बाद में सीढ़ी और अन्य साधनों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि इलाज के दौरान चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि पांचवें छात्र का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

Scroll to load tweet…

चार छात्रों ने गंवाई जान

मृतकों की पहचान अलग-अलग रिपोर्टों में जबलपुर के मनु कटारे, विदिशा के देवांश शर्मा और मेरठ/कौशांबी से जुड़े विशु शर्मा व आर्यन पांडेय के रूप में हुई है। पांचवें छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया।

गुरुकुल संचालक गिरफ्तार, जांच के आदेश

हादसे के बाद गुरुकुल के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने गुरुकुल संचालक आशीष शर्मा को गिरफ्तार किया है। मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि संस्थान किस तरह संचालित हो रहा था और वहां सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।