Finance With Harish के नाम से लोकप्रिय फाइनेंस इन्फ्लुएंसर वी. हरीश की चेन्नई में मौत हो गई। पिता ने Zemuria Inc. के CEO पर साइबर-बुलिंग का आरोप लगाया है। CEO ने आरोपों से इनकार करते हुए लाइसेंस संबंधी विवाद की बात कही। जानिए क्या है पूरा विवाद और CEO की सफाई।
Finance With Harish: चेन्नई में 27 वर्षीय फाइनेंस इन्फ्लुएंसर वी. हरीश की मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया है। हरीश इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर ‘फाइनेंस विद हरीश’ नाम से सोशल मीडिया ब्रांड चलाते थे और इंस्टाग्राम पर उनके 13 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। उनके पिता ने आरोप लगाया है कि एक वेंचर स्टूडियो के CEO ने ऑनलाइन उन्हें लगातार निशाना बनाया, जिससे वे मानसिक तनाव में थे। हालांकि, CEO ने साइबर-बुलिंग के आरोप से इनकार किया है।
V Harish Death Case: पिता ने क्या आरोप लगाया?
पुलिस के मुताबिक, हरीश चेन्नई स्थित अपने किराए के विला में मृत पाए गए। उनके पिता ने इस मामले में जांच की मांग की है।
- पिता ने किस पर लगाया आरोप: हरीश के पिता ने इस दुखद कदम के पीछे एक वेंचर स्टूडियो के सीईओ को जिम्मेदार ठहराया है। पिता का सीधा आरोप है कि 'जेमुरिया इंक' (Zemuria Inc.) के CEO जेसन सैमुअल लगातार हरीश को साइबर-बुली (ऑनलाइन परेशान) कर रहे थे।
- अकाउंट बंद होना: पिता का कहना है कि सैमुअल की शिकायतों और आरोपों के बाद मेटा (Meta) ने हरीश का मुख्य इंस्टाग्राम अकाउंट डिसेबल कर दिया था।
- बढ़ा मानसिक तनाव: अकाउंट बंद होने के बाद हरीश ने नए हैंडल से वीडियो डालना शुरू किया था, लेकिन वे इस पूरे घटनाक्रम से भारी मानसिक तनाव में चले गए थे।
- पुलिस जांच की मांग: पिता के मुताबिक, अकाउंट से जुड़ा विवाद और लगातार दबाव उनके लिए तनाव का कारण बना। पिता ने इस मामले की गहन पुलिस जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
Jason Samuel Statement: CEO ने आरोपों पर क्या कहा?
जेसन सैमुअल ने सोशल मीडिया पोस्ट में हरीश की मौत पर दुख जताते हुए साइबर-बुलिंग के आरोपों से साफ इनकार किया। उनका कहना है कि उन्होंने सिर्फ हरीश के वित्तीय सलाह से जुड़े दावों और लाइसेंस पर सवाल उठाए थे।
- सैमुअल के मुताबिक, हरीश SEBI-registered Investment Adviser (RIA) नहीं थे।
- उन्होंने दावा किया कि हरीश को AMFI Registration Number (ARN) हाल ही में मिला था।
- CEO ने आरोप लगाया कि हरीश ने अपने लाइसेंस और अधिकारों के बारे में गलत जानकारी दी।
- उनका कहना है कि उन्होंने हरीश को उचित SEBI लाइसेंस लेकर काम करने की सलाह दी थी।
- सैमुअल ने कहा कि हरीश की मौत से वह स्तब्ध और दुखी हैं और उनका उन्हें इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर करने का कोई इरादा नहीं था।
Finance Influencer Harish: क्या है पूरा विवाद?
फिलहाल इस मामले में पिता के आरोप और CEO का पक्ष सामने आया है। हरीश की मौत के कारणों और कथित ऑनलाइन उत्पीड़न की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस की ओर से औपचारिक केस दर्ज होने की भी जानकारी सामने नहीं आई है।
मानसिक स्वास्थ्य सहायता (Helpline Numbers)
अगर आप या आपका कोई परिचित किसी मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो कृपया तुरंत मदद लें:
- वंद्रेवाला फाउंडेशन: 9999666555
- TISS iCall: 022-25521111 (सोमवार से शनिवार: सुबह 8 से रात 10 बजे)








