Flydubai Flight FZ1073 में कॉकपिट हमले के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए। उन्होंने नेतन्याहू को बताया कि लगातार हमलों के बावजूद कैसे कॉकपिट का दरवाजा खोला और 174 यात्रियों वाले विमान को बचाने में मदद की। जानें हमले, इमरजेंसी लैंडिंग, 174 यात्रियों और को-पायलट की जांच से जुड़ी पूरी कहानी।

Flydubai Flight: फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के अंदर हुए हमले के दौरान क्या हुआ था, इसका खुलासा घायल कैप्टन स्मित मच्छार ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत में किया। मच्छार ने बताया कि शुरुआत में उड़ान बिल्कुल सामान्य थी, लेकिन कुछ ही मिनट बाद हालात अचानक बदल गए।

Flydubai Cockpit Attack: नमाज का बहाना और फिर अचानक सिर पर हुआ जोरदार हमला

कैप्टन मच्छर ने बताया कि उड़ान बिल्कुल सामान्य तरीके से शुरू हुई थी। को-पायलट ने नमाज़ (प्रार्थना) पढ़ने की इच्छा जताई, जो कि आम बात है। सम्मान के चलते कैप्टन सामने की ओर देख रहे थे। करीब चार-पांच मिनट बाद उनके सिर के पीछे अचानक जोरदार चोट लगी। पहले उन्हें लगा कि विमान को कोई बड़ा नुकसान हुआ है। लेकिन जब लगातार हमले होने लगे, तो उन्हें समझ आया कि कॉकपिट में मौजूद दूसरा व्यक्ति ही उन पर हमला कर रहा है। हमले के कारण उनकी नजर धुंधली हो गई थी। इसी दौरान विमान तेजी से नीचे जाने लगा। मच्छार ने बताया कि उन्हें कॉकपिट के फर्श पर पड़े होने, तेज हवा की आवाज और यात्रियों के चीखने की कुछ बातें याद हैं।

Scroll to load tweet…

Plane Hijack Attempt: आखिरी कोशिश से बची 174 यात्रियों की जान

मच्छार ने कहा कि उस वक्त उन्हें लगा कि विमान को बचाने का शायद यही आखिरी मौका है। उन्होंने पूरी ताकत लगाकर कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। इसके बाद यात्री और क्रू के एक सदस्य ने अंदर पहुंचकर नियंत्रण संभालने में मदद की। 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही FZ1073 में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे शामिल थे। विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर था, लेकिन बाद में तेजी से नीचे आया और इमरजेंसी सिग्नल भेजा। आखिरकार इसे सऊदी अरब के तबुक स्थित एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया।

Smit Machhar: PM मोदी और नेतन्याहू ने की तारीफ

घटना में गंभीर रूप से घायल मच्छार की बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन पर सराहना की। इसके बाद नेतन्याहू ने उनसे वीडियो कॉल पर बात की और उन्हें इजरायल आने का न्योता दिया। मच्छार को विमान में सवार सभी लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाला 'हीरो पायलट' बताया जा रहा है। मच्छार के पास 13 साल से अधिक का कमर्शियल एविएशन अनुभव और 9,500 से ज्यादा फ्लाइंग घंटे हैं। वह 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े थे। इससे पहले उन्होंने भारत में स्पाइसजेट के साथ एक दशक से ज्यादा समय बिताया था।

Co-Pilot Investigation: जांच में क्या सामने आया?

UAE के अटॉर्नी जनरल के मुताबिक, जांच में को-पायलट द्वारा 'आतंकवादी हरकत' की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है। मीडिया रिपोर्टों में उसकी पहचान ओमान के नागरिक हमम अल-हम्ममी के रूप में की गई है, हालांकि आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां हमले के मकसद और संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही हैं।