फ्लाई दुबई में हमला करने वाला को-पायलट ओमान का हमाम अल-हम्मामी है। कट्टरपंथी विचारों के कारण उसे 7 साल बाद ओमान एयर से निकाला गया था। हमले का मकसद अभी अज्ञात है। इस घटना से एविएशन सुरक्षा की चिंताएं बढ़ गई हैं।

वाशिंगटन: फ्लाई दुबई (Flydubai) की फ्लाइट में हमला करने वाले को-पायलट को लेकर सीएनएन (CNN) ने बड़ी जानकारी दी है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर को-पायलट का नाम हमाम अल-हम्मामी है और वह ओमान का नागरिक है। उसकी लिंक्डइन प्रोफाइल (जो अब डिलीट हो चुकी है) से पता चला है कि उसने ओमान एयर में सात साल तक काम किया था। इसके बाद जून 2025 में उसने रॉयल एयर मैरोको (Royal Air Maroc) जॉइन किया। इसी साल की शुरुआत में वह रॉयल एयर छोड़कर फ्लाई दुबई में आया था। हालांकि, उसने फ्लाइट में हमला क्यों किया, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

हमाम अल-हम्मामी के पिता ओमानी और मां सीरियाई हैं। सीएनएन ने उसके सोशल मीडिया पोस्ट के हवाले से बताया है कि वह कट्टरपंथी विचारों वाला शख्स था। रिपोर्ट के मुताबिक, ओमान एयर में काम करने के दौरान जब उसके इन विचारों का पता चला, तो उसे पायलट की ड्यूटी से हटा दिया गया था। इसके बाद उसने खुद ही नौकरी छोड़ दी। वहां से निकलने के बाद उसने रॉयल एयर मैरोको जॉइन किया। फ्लाई दुबई में उसे आए हुए अभी सिर्फ आठ महीने ही हुए थे। सऊदी और इजरायली अधिकारी इस हमलावर से पूछताछ कर चुके हैं। उसका असली मकसद क्या था, इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है। इस घटना के बाद दुनियाभर में एविएशन सिक्योरिटी को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि अब पायलटों की भर्ती में ज्यादा सख्ती बरती जाएगी। एयरलाइंस कंपनियां नौकरी से निकाले गए पायलटों का डेटाबेस तैयार करने के लिए एक खास सिस्टम भी ला सकती हैं।

Flydubai Flight Attack Timeline

दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान: 30 सितंबर 2026 को Flydubai की फ्लाइट FZ1073 ने दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान भरी। Boeing 737 MAX 8 में 182 लोग सवार थे, जिनमें 174 यात्री और 8 क्रू सदस्य शामिल थे।

34 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचा विमान: उड़ान नॉर्मल तरीके से आगे बढ़ रही थी और विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर पहुंच गया था। करीब 2 घंटे बाद अचानक विमान की ऊंचाई तेजी से कम होने लगी।

कुछ ही सेकंड में 17 हजार फीट की गिरावट: विमान करीब 34,000 फीट से 16,600 फीट तक तेजी से नीचे आया। इसके बाद विमान फिर ऊपर उठा और दोबारा तेजी से नीचे गया। इस दौरान यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच खूनी झड़प: विमान के कॉकपिट में को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला किया। सऊदी अरब की शुरुआती जांच में भी कहा गया कि कैप्टन पर को-पायलट ने हमला किया था, जिससे दोनों घायल हुए।

घायल कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोला: हमले में घायल होने के बावजूद कैप्टन कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद यात्रियों और विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने कॉकपिट में पहुंचकर स्थिति संभाला।

यात्रियों ने को-पायलट को काबू किया: कुछ यात्रियों ने आगे बढ़कर हमलावर को-पायलट को पकड़ा। एक यात्री ने इमरजेंसी स्थिति में विमान संभालने में मदद की, जबकि 2 ऑफ-ड्यूटी Flydubai पायलटों ने बाद में विमान को सुरक्षित तरीके से उतारा।

इमरजेंसी और हाइजैक अलर्ट जारी हुए: विमान ने पहले 7700 इमरजेंसी कोड इस्तेमाल किया। इसके बाद करीब 5:35 GMT पर 7500, यानी unlawful interference/hijacking से जुड़ा कोड, सेट किया गया। करीब एक घंटे बाद फिर 7700 कोड इस्तेमाल हुआ।

तेल अवीव की जगह सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग: विमान ने अपना रास्ता बदला और तबूक, सऊदी अरब की ओर गया। करीब 06:58 GMT पर विमान ने वहां सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की। घायल कैप्टन और को-पायलट को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

को-पायलट की पहचान हमाम अल-हम्मामी के रूप में: हमलावर को-पायलट की पहचान ओमान के नागरिक हमाम अल-हम्मामी के रूप में हुई। CNN के मुताबिक- उसके सोशल मीडिया गतिविधियों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। उसके मकसद को लेकर अभी जांच जारी है।

मकसद और सुरक्षा जांच पर फोकस: UAE, सऊदी अरब और इजरायल की एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं। जांच में यह पता लगाने पर जोर है कि हमला क्यों हुआ, क्या इसकी पहले से योजना थी और क्या इसका कोई आतंकी कनेक्शन था।