UP Flood News: उत्तर प्रदेश के कानपुर और मुरादाबाद में गंगा नदी में आई बाढ़ ने तबाही मचा दी है। कानपुर में गांव पानी में डूब गए हैं और लोग आने-जाने के लिए नावों का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, मुरादाबाद में लगातार जलभराव से परेशान कई परिवार किराए के घरों में शिफ्ट हो गए हैं।
Ganga water level in Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में बिठूर के पास गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। इसके चलते नदी किनारे बसे निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है और करीब 2-3 किलोमीटर का एरिया पानी में डूब गया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
बाढ़ की स्थिति बताते हुए एक स्थानीय निवासी ने कहा, "यहां 2-3 किलोमीटर तक चारों तरफ सिर्फ पानी ही पानी है। पूरा गांव बाढ़ की चपेट में है। इन इलाकों में आने-जाने के लिए मैं सिर्फ नाव का ही इस्तेमाल कर रहा हूं।"
उन्होंने आगे बताया कि एक दिन पहले अधिकारी इलाके में आए थे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी। स्थानीय निवासी के मुताबिक, "अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। पानी छोड़ा जा रहा है, लेकिन जब तक बाढ़ की स्थिति बनी रहती है, तब तक प्रशासन लोगों के रहने के लिए हाईवे पर इंतजाम कर रहा है।"
मुरादाबाद में घर छोड़ने को मजबूर हुए लोग
गांव का बड़ा हिस्सा पानी में डूब जाने के कारण कई निवासियों को पास के हाईवे पर शिफ्ट किया जा रहा है। पानी उतरने तक उनके लिए वहीं पर अस्थायी व्यवस्था की जा रही है।
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के कुछ हिस्सों में लगातार जलभराव ने कई परिवारों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया है। बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में घुसने के कारण लोग किराए के मकानों में शिफ्ट हो रहे हैं। गंगा नदी में उफान के कारण आई बाढ़ से दर्जनों घर एक हफ्ते से ज्यादा समय से पानी में डूबे हुए हैं।
एक निवासी ने ANI को बताया, "पानी की वजह से हमारा बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, इसलिए हमने अपने घर पर ताला लगा दिया है। अब हम किराए पर रह रहे हैं। यहां पिछले 8 दिनों से पानी भरा हुआ है। करीब 25 से 30 घर ऐसे हैं जिन पर ताले लग चुके हैं।"
एक अन्य निवासी ने कहा, “पानी के कारण हमने अपना घर बंद कर दिया है। लगभग 1 हफ्ते से हम किराए पर रह रहे हैं... घरों के अंदर भी पानी घुस गया है।”
