Ganga Water Level Today: काशी में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से हालात बिगड़ने लगे हैं। सुरक्षा को देखते हुए ज़िला प्रशासन ने सभी घाटों पर नाव चलाने पर अगले आदेश तक के लिए रोक लगा दी है। इससे नाविकों की रोजी-रोटी पर असर पड़ा है।

Varanasi Ganga water level: वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए नावों के संचालन पर रोक लगा दी है। रविवार को गंगा का जलस्तर 64.70 मीटर दर्ज किया गया। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, नदी का जलस्तर अभी बढ़ने की प्रवृत्ति में है। हालांकि, चेतावनी स्तर 70.262 मीटर है।

जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए घाटों और नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। NDRF और जल पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और लोगों को नदी में जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।

घाटों पर बढ़ाई गई निगरानी

11वीं बटालियन NDRF, वाराणसी के कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने बताया कि नदी के किनारे सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। NDRF की टीमें घाटों पर लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

टीमों की ओर से नाविकों, यात्रियों और आम लोगों को सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। लोगों से जिला प्रशासन और जल पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और बिना जरूरी काम के नदी में जाने से बचने की अपील की गई है।

24 घंटे तैनात है NDRF की मेडिकल टीम

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नदी क्षेत्र में NDRF की मेडिकल टीम को 24 घंटे तैनात किया गया है। टीम के पास वाटर एंबुलेंस भी मौजूद है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार और अन्य जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

NDRF अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी संभावित आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव अभियान चलाने के लिए टीम पूरी तरह तैयार है।

गंगा में नाव चलाने पर फिलहाल रोक

दशाश्वमेध के सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नाव संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि हालात सामान्य होने के बाद नावों के संचालन को दोबारा शुरू करने के संबंध में अलग से सूचना जारी की जाएगी। तब तक नाविकों और यात्रियों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों से गहरे पानी में न जाने की अपील

जल पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर त्रिपाठी ने नाविकों और अन्य संबंधित लोगों से प्रशासन की सुरक्षा गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए घाटों पर अतिरिक्त निगरानी बढ़ाई गई है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भी अपील की है कि वे गंगा में गहरे पानी की ओर न जाएं और किसी भी तरह का जोखिम न लें। जलस्तर बढ़ने के बीच प्रशासन का पूरा फोकस लोगों की सुरक्षा और किसी भी संभावित आपात स्थिति से तुरंत निपटने पर है।