Ghaziabad Spy Network Busted: गाजियाबाद में जासूसी नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। कौशांबी पुलिस ने महिला और नाबालिग समेत तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह संवेदनशील स्थानों पर सोलर सीसीटीवी कैमरे लगाकर जानकारी पाकिस्तान भेज रहा था। अब तक 18 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।

Ghaziabad Spy Network: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जासूसी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क की परतें धीरे-धीरे खुलती जा रही हैं। कौशांबी थाना पुलिस ने इस मामले में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार नाबालिग संवेदनशील जगहों पर कैमरे लगाने में अहम भूमिका निभाता था। इन कैमरों के जरिए कई महत्वपूर्ण स्थानों की गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी और जानकारी विदेश में बैठे लोगों तक भेजी जाती थी।

संवेदनशील जगहों पर लगाए गए सोलर कैमरे

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह देश के कई संवेदनशील स्थानों की जासूसी कर रहा था। इनमें सैन्य ठिकाने, रेलवे स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण जगहें शामिल थीं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कई जगह सोलर पावर से चलने वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। इन कैमरों के जरिए रिकॉर्ड होने वाली तस्वीरें और लाइव लोकेशन कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे आकाओं तक भेजी जाती थी।

यह भी पढ़ें: बिहार में जन्मा दो मुंह और चार आंखों वाला बछड़ा, देखने उमड़ी गांववालों की भीड़, फिर...

लाल किला ब्लास्ट से जुड़े होने का शक

जांच एजेंसियों को शक है कि इस नेटवर्क के तार पिछले साल दिल्ली में हुए विस्फोट से भी जुड़े हो सकते हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि गिरोह के कुछ सदस्य उस घटना के बारे में पहले से जानकारी रखते थे। इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी Suhail Malik उर्फ रोमियो से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। पूछताछ में उसने बताया कि उसे विस्फोट की जानकारी पहले से थी और घटना के बाद वह मौके पर पहुंचा था। वहां से उसने कई फोटो और वीडियो लेकर अपने विदेशी संपर्कों को भेजे थे।

युवाओं को फंसाकर बनाया जाता था नेटवर्क का हिस्सा

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह खास तौर पर ऐसे युवाओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करता था जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड न हो और जो उम्र में काफी छोटे हों। ऐसे युवाओं को छोटी-छोटी जिम्मेदारियां देकर नेटवर्क का हिस्सा बनाया जाता था। गिरफ्तार नाबालिग भी इसी तरह इस गिरोह के संपर्क में आया था और संवेदनशील जगहों पर कैमरे लगाने का काम करता था।

अब तक 18 आरोपी गिरफ्तार

जासूसी नेटवर्क के खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां देशभर में सतर्क हो गई हैं। उत्तर प्रदेश में भी कई टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, अब तक इस मामले में कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हाल ही में कौशांबी थाना पुलिस ने तीन और लोगों को पकड़ा है, जिनमें एक महिला और एक नाबालिग शामिल है।

गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गाजियाबाद और आसपास के जिलों में इस नेटवर्क के और कितने लोग सक्रिय हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस गिरोह के तार देश के अन्य शहरों से भी जुड़े हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें: Shocking! ‘तू मुझे घूर क्यों रहा है?’… बस इतना कहा और 19 साल के युवक की ले ली जान