Gandak River Water Level: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बावजूद बिहार के गोपालगंज जिले में गंडक नदी का जलस्तर सामान्य बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी कोई असर नहीं दिखा है, हालांकि प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। सीएम सम्राट चौधरी ने भी कहा कि हालात स्थिर हैं।

Nepal Flood Bihar: नेपाल के रसुवा जिले में अचानक आई बाढ़ से भारी तबाही मची है, लेकिन इसका असर बिहार के गोपालगंज में बहने वाली गंडक नदी पर फिलहाल नहीं दिख रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नदी का जलस्तर अभी सामान्य है। आपको बता दें कि गंडक नदी नेपाल से निकलकर बिहार और उत्तर प्रदेश में बहती है। गोपालगंज के खाप मकसूदपुर गांव के लोगों ने बताया कि अभी तक पानी का लेवल नॉर्मल है। हालांकि, पड़ोसी देश में बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।

स्थानीय लोगों ने कहा- अभी सब ठीक है

गांव के रहने वाले सिकंदर यादव ने बताया, "अभी तो पानी का स्तर ठीक है। हम लोग चिंता में थे और प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया था।"

एक और स्थानीय शख्स ने ANI को बताया, "गंडक नेपाल से ही आती है। यहां अभी बाढ़ का कोई असर नहीं है।"

खाप मकसूदपुर के एक और निवासी ने कहा, "यहां अभी बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। अगर ऐसी कोई बात होगी, तो नदी में दिखने लगेगा।"

सीएम बोले- बिहार में हालात काबू में

गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पड़ोसी देश नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद राज्य में स्थिति धीरे-धीरे स्थिर हो रही है। अधिकारियों ने कमजोर इलाकों में पानी के स्तर और बाढ़ के असर का जायजा लिया है।

चौधरी ने बताया कि उन्होंने खुद वाल्मीकि नगर तक जाकर स्थिति की समीक्षा की और कहा कि राज्य में अब हालात स्थिर हैं।

उन्होंने कहा, "हमने बाढ़ की स्थिति का पूरा जायजा लिया है और भगवान की कृपा से लगभग सब कुछ स्थिर हो रहा है। हम जायजा लेने के लिए वाल्मीकि नगर तक गए थे। अब चीजें धीरे-धीरे बेहतर हो रही हैं। अब पानी के स्तर से कोई परेशानी नहीं दिख रही है।"

नेपाल में बाढ़ ने मचाई भारी तबाही

नेपाल पुलिस के मुताबिक, देश के रसुवा जिले में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 469 हो गई। वहीं, 1,545 घायल लोगों को बचाया गया है।

नेपाल पुलिस के अनुसार, सबसे ज्यादा 178 शव चितवन जिले में बरामद हुए हैं। इसके बाद एनपी ईस्ट में 110, गोरखा में 44, नुवाकोट में 37, धाडिंग में 33, तनहुं में 28, एनपी वेस्ट में 27 और रसुवा में 12 लोगों की मौत हुई है।

अधिकारियों ने रसुवा से 644, नुवाकोट से 898 और धाडिंग से तीन लोगों को रेस्क्यू किया है।