Gorakhpur Dowry Case: गोरखपुर की एक महिला ने पति पर दो साल तक दूरी बनाने, स्पर्म सैंपल न देने, इलाज के नाम पर 5 लाख रुपये मांगने और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। गोरखनाथ थाने में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है।
Gorakhpur News: शादी के बाद पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर सामने आने वाले विवाद अक्सर निजी दायरे तक सीमित रहते हैं, लेकिन जब मामला दहेज, घरेलू हिंसा और कथित प्रताड़ना तक पहुंच जाए तो यह कानूनी रूप ले लेता है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की एक 30 वर्षीय महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर ऐसे ही गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि शादी के दो साल तक पति ने वैवाहिक संबंध नहीं बनाए, इलाज का बहाना बनाकर दूरी बनाए रखी और बाद में इलाज के नाम पर 5 लाख रुपये की मांग की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो साल तक पति ने बनाई दूरी, डॉक्टर ने मांगा था स्पर्म सैंपल
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 19 नवंबर 2021 को लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के पहले दिन से ही पति उससे दूरी बनाकर रहते थे। पूछने पर वह कहते थे कि उनका दवा का कोर्स चल रहा है और पूरा होने के बाद सब सामान्य हो जाएगा। इसी तरह करीब दो साल बीत गए, लेकिन पति ने वैवाहिक संबंध नहीं बनाए।
महिला का कहना है कि जब उसने परिवार से पति का सही इलाज कराने की बात कही तो उसे गालियां दी गईं और विरोध करने पर मारपीट भी की गई। बाद में मायके वालों की सलाह पर पति को लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के लिए स्पर्म सैंपल मांगा। आरोप है कि पति काफी प्रयास के बाद भी सैंपल नहीं दे सके और घबराहट की बात कहकर अस्पताल से चले गए।
यह भी पढ़ें: अलीगढ़ में दारोगा की दबंगई कैमरे में कैद! VIDEO वायरल होते ही SSP ने लिया बड़ा एक्शन
इलाज के नाम पर 5 लाख रुपये मांगने का आरोप
महिला ने शिकायत में कहा है कि ससुराल पक्ष ने उसके भाई और पिता से इलाज के लिए 5 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। आरोप है कि देवर ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं आए तो उसे जान से मार दिया जाएगा। लोक-लाज के कारण वह लंबे समय तक यह सब सहती रही, जिससे उसकी मानसिक और शारीरिक स्थिति भी प्रभावित हुई।
पीड़िता ने यह भी बताया कि मई 2025 में भाई की शादी के दौरान उसे अकेले गोरखपुर भेज दिया गया। ससुराल वालों ने शादी में आने का वादा किया, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद उसने पहली बार अपने परिवार को पति की कथित बीमारी और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
मारपीट के बाद घर से निकाला, पांच लोगों पर एफआईआर
महिला का आरोप है कि 19 जून 2026 को जब उसकी मां, भाई और बहनें लखनऊ स्थित ससुराल पहुंचीं और पारिवारिक जीवन को लेकर बातचीत करने लगीं, तब पति, सास और अन्य परिजनों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद महिला को भी घर से निकाल दिया गया और कथित रूप से झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के अनुसार, महिला की तहरीर पर पति, सास, देवर, ननद समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: UP Crime: अवैध संबंध में बनी रुकावट तो पत्नी की ले ली जान, कई दिन तक पानी की टंकी में छिपाया शव


