Greater Noida Delivery Boy Fight: ग्रेटर नोएडा के टाटा यूरेका पार्क के पास ऑनलाइन ऑर्डर को लेकर डिलीवरी बॉयज आपस में भिड़ गए। सड़क पर हुई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

Delivery Boys Viral Video: शनिवार रात ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 150 स्थित टाटा यूरेका पार्क सोसाइटी के पास ऑनलाइन डिलीवरी ऑर्डर को लेकर डिलीवरी बॉयज आपस में भिड़ गए। इस मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लड़के एक युवक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीट रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और मारपीट करने वालों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, यह झगड़ा हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के पास ऑनलाइन फूड डिलीवरी का काम करने वाले लड़कों के बीच शुरू हुआ था। ऑर्डर पिक करने की होड़ में दोनों गुटों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई।

वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क पर लड़कों का एक गुट आपस में बुरी तरह लड़ रहा है। इनमें से कुछ लड़के एक युवक को पीटते हुए नजर आ रहे हैं, जो खुद को बचाने के लिए सोसाइटी के अंदर भागने की कोशिश करता है।

मामला बढ़ता देख सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड्स ने बीच-बचाव किया और दोनों गुटों को अलग किया। वहां मौजूद कुछ और लोगों ने भी लड़कों को शांत कराने की कोशिश की ताकि झगड़ा और न बढ़े। घटना की जानकारी मिलते ही नॉलेज पार्क थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। इसके बाद पुलिस ने मारपीट में शामिल लड़कों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यहां देखें वायरल वीडियो

Scroll to load tweet…

पुलिस मीडिया सेल ने भी इस बात की पुष्टि की है कि यह घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के टाटा यूरेका पार्क के पास हुई। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन ऑर्डर लेने को लेकर डिलीवरी बॉयज के बीच विवाद हुआ था और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की है। नॉलेज पार्क थाने के प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि यह झगड़ा सिर्फ डिलीवरी बॉयज के बीच का था और इसका किसी अन्य मुद्दे से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने साफ किया कि इस मामले में शामिल सभी लोगों पर कानूनी एक्शन लिया गया है।