गुजरात के मेहसाणा जिले में प्रेम प्रसंग के शक में 31 वर्षीय रणजीतजी ठाकोर को पेड़ से बांधकर पीटने का आरोप है। चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। पिता की शिकायत पर खेरालु पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

Mehsana Murder Case: गुजरात के मेहसाणा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां प्रेम प्रसंग के शक में एक 31 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रणजीतजी चतुरजी ठाकोर के रूप में हुई है, जो सिद्धपुर में एक फाइनेंस कंपनी में क्रेडिट मैनेजर के तौर पर काम करते थे। आरोप है कि महिला के परिजनों ने उसे पेड़ से बांधकर डंडों और लाठियों से तब तक पीटा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मेहसाणा में ऑनर किलिंग जैसी वारदात: पेड़ से बांधकर बरसाए डंडे

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रणजीतजी पिछले दो साल से एक महिला के साथ रिश्ते में थे। मंगलवार को वह अपने घर से काम के लिए निकले थे, लेकिन देर रात वह थंगाना गांव में उस महिला से मिलने पहुंच गए, जहां परिजनों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।

  • पेड़ से बांधकर बेरहमी: शिकायत के अनुसार, महिला के परिवार वालों ने रणजीतजी के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उन्हें इमली के पेड़ के तने से जकड़ दिया। इसके बाद डंडों और लाठियों से उनकी ताबड़तोड़ पिटाई की गई।
  • चौंकाने वाले आरोप: मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि घर पर मौजूद महिला, उसके बेटे हितेशजी और देवर भेमाजी ने मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, पड़ोसी गांव से बुलाए गए एक अन्य शख्स रामाजी केशाजी ने भी युवक पर डंडे बरसाए।
  • खाट पर मिला शव: अत्यधिक पिटाई की वजह से रणजीतजी मौके पर ही बेहोश होकर दम तोड़ दिया। आरोपियों ने उनके शव को एक लोहे की खाट पर रखकर बोरे से ढक दिया और मौके से फरार हो गए।

पुलिस एक्शन और आगे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही खेरालु थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की औपचारिक शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों-हंसाबेन जगाजी ठाकोर, हितेशजी जगाजी ठाकोर, भेमाजी रणछोड़जी ठाकोर और रामाजी केशाजी ठाकोर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।