Gold Robbery In Gujarat: गुजरात के खेड़ा रेलवे स्टेशन पर हुई 4 करोड़ रुपये के सोने की लूट को पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 2.90 किलो सोना बरामद किया है।
गांधीनगर: अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस और रेलवे पुलिस ने खेड़ा रेलवे स्टेशन पर हुई सोने की लूट की गुत्थी को महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है।
पुलिस ने इस मामले में सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से करीब 4 करोड़ रुपये की कीमत का 2.90 किलो सोना और वारदात में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियां भी बरामद की गई हैं। लूटा गया पूरा माल पुलिस ने वापस हासिल कर लिया है।
इस शानदार कामयाबी पर राज्य के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने पूरी पुलिस टीम को बधाई दी है।
दिनदहाड़े लूटा था 4 किलो सोना
गुजरात सीएमओ (CMO) के मुताबिक, यह लूट खेड़ा रेलवे स्टेशन पर शाम करीब 5 बजे हुई थी। पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों का पीछा किया और उनकी गाड़ी की फोटो खींच ली। इसके बाद जीआरपी (GRP) खेड़ा ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध कार व आरोपियों के बारे में स्टेट कंट्रोल रूम को अलर्ट कर दिया। शाम करीब 7:30 बजे अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस को यह जानकारी मिली।

बिना नंबर प्लेट वाली कार में रखा चोरी का सोना
- चोरी की खबर मिलते ही अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने तुरंत रूट मैपिंग शुरू कर दी। गाड़ी के नंबर और मोबाइल नंबर की सीडीआर (SDR) से बनासकांठा का कनेक्शन सामने आया। इसके बाद एलसीबी (LCB) के हेड कांस्टेबल नरेंद्रसिंह ने अपने मुखबिरों की मदद से कार की सही लोकेशन का पता लगा लिया।
- जांच में पता चला कि एक और बिना नंबर प्लेट वाली कार पहली गाड़ी के पीछे चल रही थी। जब पुलिस को लगा कि आरोपी सचाणा और वीरमगाम की तरफ जा सकते हैं, तो एलसीबी और वीरमगाम टाउन पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर दी।
- इससे पहले कि कार वीरमगाम शहर में घुस पाती, एलसीबी के हिमांशु और वीरमगाम टाउन पुलिस के सिद्धराज ने फुर्ती दिखाते हुए सड़क पर एक ट्रक और दूसरी गाड़ियां लगाकर रास्ता रोक दिया। यहां उन्होंने एक आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि बाकी तीन आरोपी लूटे गए सोने के साथ पहली कार में आगे भाग गए हैं।
- पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से चालाकी से बाकी साथियों की लोकेशन निकलवाई और उन्हें एक तय जगह पर बुलाया। जानकारी मिलते ही पीआई (PI) एस.ए. गढ़वी, पीआई परेश जानी और वीरमगाम टाउन व एलसीबी की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कार को घेर लिया।
खुद को घिरता देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पीआई एस.ए. गढ़वी की गाड़ी में टक्कर मार दी। इसके बाद उन्होंने कार को बैक गियर में भगाने की कोशिश की। अपनी जान की परवाह किए बिना पीआई गढ़वी चलती कार की तरफ दौड़े और उसका दरवाजा पकड़ लिया। आरोपियों ने उन्हें करीब 500 मीटर तक घसीटा।
फिल्मीं अंदाज में संभाला गाड़ी का स्टीयरिंग
- इतने खतरनाक हालात में भी पीआई गढ़वी ने गजब की बहादुरी दिखाई। उन्होंने चलती गाड़ी का दरवाजा खोला, स्टीयरिंग संभाली और इमरजेंसी हैंडब्रेक खींचकर कार को रोक दिया। तुरंत बाकी पुलिसवाले भी वहां पहुंच गए और कार के अंदर बैठे आरोपियों को दबोच लिया। इस दौरान एक आरोपी खेतों की तरफ भाग निकला, लेकिन पुलिस ने इलाके की घेराबंदी करके उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार की सीट कवर के अंदर छिपाकर रखा गया करीब 2.90 किलो सोना (कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये) बरामद कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल दोनों गाड़ियां भी जब्त कर ली गई हैं। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है। (ANI)


