अमेरिका के लुइसियाना में एक पूर्व सैनिक ने पारिवारिक विवाद में 8 बच्चों की हत्या कर दी, जिनमें 7 उसके अपने थे। पुलिस ने हमलावर को मार गिराया। उसने अपनी पत्नी को भी गोली मारी, जिसकी हालत गंभीर है।

वॉशिंगटन: अमेरिका एक बार फिर गोलीबारी से दहल गया है। यहां लुइसियाना के श्रेवेपोर्ट में एक दिल दहलाने वाली घटना हुई। एक हमलावर ने 3 अलग-अलग घरों में 8 बच्चों की हत्या कर दी। मारे गए बच्चों की उम्र 1 से 14 साल के बीच थी। पुलिस ने हमलावर को भी मार गिराया है। पुलिस को शक है कि ये मामला पारिवारिक विवाद का है।

हमलावर की पहचान 31 साल के शमर एल्किन्स के तौर पर हुई है। वो पहले सेना में था। मारे गए 8 बच्चों में से 7 उसी के बच्चे थे। बताया जा रहा है कि शमर एल्किन्स और उसकी पत्नी के बीच काफी समय से झगड़ा चल रहा था। उसने पहले भी अपने बच्चों को मारने की कोशिश की थी। तब उसने बच्चों के स्कूल के पास पहुंचकर फायरिंग की थी। उस वक्त पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था, केस भी दर्ज किया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया था।

इस बार शमर बच्चों को मारने के इरादे से ही हथियार लेकर पहले अपनी पत्नी के घर पहुंचा। उसकी पत्नी को खतरे का अंदेशा था, इसलिए उसने बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी किसी और को सौंप दी थी। हमलावर ने पत्नी के घर पहुंचकर पहले उसे गोली मारी। उसके सिर में गोली लगी है और अस्पताल में उसकी हालत बहुत गंभीर बनी हुई है। इसके बाद हमलावर उस घर को ढूंढते हुए पहुंचा, जहां बच्चे थे। वहां उसके 7 बच्चे और बच्चों की देखभाल कर रही महिला के 9 बच्चे मौजूद थे। हमलावर ने इनमें से 8 बच्चों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। उसने बच्चों की देखभाल कर रही महिला के सिर में भी गोली मारी। उनकी हालत भी गंभीर है और वो अस्पताल में हैं। एक बच्चा हमलावर की गोली लगने के बाद भी इमारत की खिड़की से कूदकर बच गया। उसके दोनों पैर टूट गए हैं। बच्चे का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमलावर यहां से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने पीछा करके उसे गोली मार दी।