Gwalior Wedding Drama News: ग्वालियर में शादी के बाद बड़ा ड्रामा सामने आया। सात फेरे लेने के बाद दुल्हन ने विदाई से इनकार कर दिया और मंडप में ही दूल्हे के कथित अफेयर का खुलासा कर दिया। मामला थाने तक पहुंचा, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक शादी समारोह अचानक बड़े ड्रामे में बदल गया। शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं, सात फेरे भी हो गए थे और विदाई की तैयारी चल रही थी। तभी दुल्हन ने ऐसा फैसला लिया जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को हैरान कर दिया। सजी-धजी दुल्हन ने सबके सामने दूल्हे की कथित बेवफाई का खुलासा कर दिया और साफ कह दिया कि वह इस शादी को आगे नहीं निभाएगी। नतीजा यह हुआ कि बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
ग्वालियर के कंपू इलाके का मामला
यह पूरा मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर के कंपू इलाके के एक मैरिज गार्डन का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को गुढ़ागुढ़ी का नाका इलाके में रहने वाली एक युवती की शादी गिर्राज नाम के युवक से तय हुई थी। शादी की सभी रस्में सामान्य तरीके से पूरी हो गई थीं। परिवार वाले विदाई की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तभी दुल्हन ने अचानक अपना फैसला सबके सामने रख दिया और शादी से इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें: Harish Rana Case: सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर, मां-बाप की दर्द भरी बात सुन नम हो जाएंगी आंखें
दुल्हन ने लगाया डेढ़ साल पुराने रिश्ते का आरोप
दुल्हन का आरोप है कि दूल्हे गिर्राज का राजस्थान की एक शादीशुदा महिला पूजा के साथ पिछले करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध चल रहा था। दुल्हन के मुताबिक, सगाई से एक दिन पहले उस महिला ने खुद उसे फोन कर इस रिश्ते के बारे में बताया था। शुरुआत में उसने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन बाद में दूल्हे की हरकतों ने उसके शक को यकीन में बदल दिया।
कॉन्फ्रेंस कॉल पर सुनाई जाती थीं बातें
दुल्हन का आरोप है कि दूल्हा गिर्राज अपनी प्रेमिका को उसकी तस्वीरें भेजता था। इतना ही नहीं, जब वह अपनी मंगेतर से फोन पर बात करता था तो चालाकी से अपनी प्रेमिका को कॉन्फ्रेंस कॉल पर जोड़ देता था ताकि वह उनकी बातचीत सुन सके। दुल्हन का कहना है कि यह उसके विश्वास और निजी जीवन के साथ बड़ा धोखा था।
मामला तब और बढ़ गया जब दुल्हन सीधे कंपू थाने पहुंच गई। वहां उसने पुलिस को दूल्हे और उसकी कथित प्रेमिका के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल्स और मैसेज सबूत के तौर पर सौंप दिए। थाने में दूल्हे ने काफी समझाने की कोशिश की और कहा कि वह उस महिला से सभी रिश्ते खत्म कर देगा, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही।
दुल्हन ने पुलिस और परिवार वालों के सामने साफ शब्दों में कहा कि जो व्यक्ति शादी के समय ही धोखा दे सकता है और उसकी निजी बातों का मजाक बना सकता है, उसके साथ वह अपनी पूरी जिंदगी नहीं बिता सकती। उसने कहा कि भरोसा ही रिश्ते की नींव होता है और अगर वही टूट जाए तो शादी का कोई मतलब नहीं रह जाता।
पुलिस की काउंसलिंग भी काम नहीं आई
कंपू थाना टीआई अमरसिंह सिकरवार के अनुसार, पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर काफी देर तक समझाने की कोशिश की। काउंसलिंग भी कराई गई ताकि मामला सुलझ सके। लेकिन दुल्हन अपने फैसले से पीछे नहीं हटी। आखिर में दोनों पक्षों की सहमति से मामला खत्म कर दिया गया।
बिना दुल्हन लौट गई बारात
जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी की खुशियां और शहनाइयों की आवाज गूंज रही थी, वहां अचानक सन्नाटा छा गया। आखिरकार दूल्हे को बिना दुल्हन के ही अपने घर लौटना पड़ा। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर भी लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: पहले रो-रो कर बोली ‘मैं लुट गई’, अब कानपुर के दूल्हा-दुल्हन ने बदल दी विदाई की पूरी कहानी
