केरल में 2 नर्सों ने ट्रैफिक जाम में फंसे एक शख्स की जान बचाई। कार में हार्ट अटैक आने पर उन्होंने बस से उतरकर उसे CPR दिया। उद्योगपति हर्ष गोयनका ने भी उनकी सूझबूझ की तारीफ की।
केरल की दो नर्सों ने ट्रैफिक जाम के बीच एक अनजान शख्स की जान बचाकर मिसाल कायम की है। कार में बैठे इस शख्स को हार्ट अटैक आ गया था। तभी बस में सफर कर रहीं दो नर्सों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे CPR दिया और उसकी जान बचा ली। अब देश के जाने-माने उद्योगपति हर्ष गोयनका ने भी इन दोनों की तारीफ की है।
कार में आया हार्ट अटैक
यह घटना पिछले महीने एर्नाकुलम जिले में कलाडी पुल के पास हुई थी। अंगमाली के एलएफ हॉस्पिटल में स्टाफ नर्स अंजलि बैजू और नर्सिंग स्टूडेंट आर्द्रा राज एक बस में सफर कर रही थीं। तभी उन्होंने देखा कि ट्रैफिक जाम में फंसी एक कार का ड्राइवर बेहोश हो गया है।
मामले की गंभीरता को समझते हुए, दोनों तुरंत बस से उतरीं। उन्होंने कार में बेहोश पड़े ड्राइवर को CPR देना शुरू कर दिया। उनकी इस कोशिश से मरीज की सांसें वापस आ गईं और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाकर जरूरी इलाज दिया जा सका।
हर्ष गोयनका ने भी की तारीफ
इस घटना को उद्योगपति हर्ष गोयनका ने अपने X अकाउंट पर शेयर किया। उन्होंने लिखा, "केरल के ट्रैफिक में एक अनजान शख्स को कार्डियक अरेस्ट हुआ, तभी एक नर्स और एक नर्सिंग स्टूडेंट अपनी बस से उतरीं। एम्बुलेंस आने से पहले उनके समय पर दिए गए CPR ने उसकी जान बचा ली। भारत को ऐसे और लोगों की जरूरत है। अंजलि और आर्द्रा राज को सलाम।" गोयनका का पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इन दोनों नर्सों की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
