Palwal Accident: हरियाणा के पलवल में KMP एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। मंगलवार सुबह इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हैं। ये सभी राजस्थान के खाटू श्याम और बालाजी मंदिर से दर्शन कर यूपी के वृंदावन लौट रहे थे।
पलवल (हरियाणा): हरियाणा के पलवल में मंगलवार सुबह-सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी, सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
खाटू श्याम और बालाजी के बाद वृंदावन जा रहे थे
पुलिस के मुताबिक, ये सभी श्रद्धालु राजस्थान के खाटू श्याम और बालाजी मंदिरों में दर्शन करने के बाद उत्तर प्रदेश के वृंदावन लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी KMP एक्सप्रेसवे पर पलवल के पास पहुंची, तो वो सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि पिकअप गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
सभी उत्तर प्रदेश के मैनपुरी ज़िले के रहने वाले
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां मौजूद लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया और पलवल के ज़िला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि सभी पीड़ित उत्तर प्रदेश के मैनपुरी ज़िले के रहने वाले हैं। वे किसानपुर मुरैया, मकोया, चंदा और आसपास के गांवों के थे। ये लोग शुक्रवार को ही तीर्थयात्रा के लिए निकले थे।
टक्कर मारने वाला हो गया फरार
टक्कर के बाद ट्रक का ड्राइवर गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। वहीं, पिकअप का ड्राइवर भी गायब है। पुलिस ने शवों को कब्ज़े में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और दोनों फरार ड्राइवरों की तलाश की जा रही है।


