बेंगलुरु में एक टिपर ने स्कूटर सवार 57 वर्षीय महिला को कुचल दिया। हादसे में उनकी मौत हो गई और दिल शरीर से बाहर आ गया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके पति सुरक्षित हैं।

बेंगलुरु: सड़क हादसे का एक ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया है, जिसे देखकर लोगों की रूह कांप गई। एक तेज रफ्तार टिपर ने स्कूटर सवार महिला को कुचल दिया। दर्दनाक बात यह रही कि हादसे के बाद महिला का दिल शरीर से बाहर निकल गया और कुछ देर तक सड़क पर धड़कता रहा। यह दिल दहला देने वाली घटना सोमवार सुबह बेंगलुरु दक्षिण जिले के कग्गलिपुरा में पट्टरेदपाल्या के पास कनकपुरा मेन रोड पर हुई।

कग्गलिपुरा की रहने वाली 57 साल की नागरत्ना एक स्कूल टीचर थीं। वह अपने पति के साथ स्कूटर से जा रही थीं, तभी पीछे से आ रहे एक टिपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में नागरत्ना की मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि उनके पति की जान बच गई और उन्हें सिर्फ मामूली चोटें आई हैं।

टिपर ने स्कूटर को मारी टक्कर

नागरत्ना अपने पति के साथ घर लौट रही थीं। कनकपुरा रोड पर एक तेज रफ्तार टिपर ने उनके टू-व्हीलर को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही नागरत्ना स्कूटर से नीचे गिर गईं और टिपर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। उनका शरीर बुरी तरह कुचल गया और शरीर के अंग बाहर आ गए। सबसे खौफनाक पल वो था जब उनका दिल शरीर से अलग होकर सड़क पर गिर गया और कुछ देर तक धड़कता रहा। वहां मौजूद लोग और बाकी गाड़ियों वाले यह भयानक नजारा देखकर बुरी तरह सहम गए।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टिपर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।