नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टरों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। इस खौफनाक हादसे का वीडियो सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद मची तबाही दिखाई दे रही है।
नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बेहद डरावना हादसा हो गया। यहां लैंडिंग की कोशिश कर रहे दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों हेलिकॉप्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनका मलबा आसपास बिखर गया। हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड का एक भारतीय मूल का नागरिक घायल हो गया। दोनों हेलिकॉप्टर के पायलट भी जख्मी हुए हैं।
यह हादसा सुबह करीब 8 बजकर 11 मिनट पर सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे हेलीपैड पर हुआ। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हेलिकॉप्टरों की टक्कर के बाद का खौफनाक मंजर दिखाई दे रहा है।
लैंडिंग के वक्त कैसे टकराए दोनों हेलिकॉप्टर?
जानकारी के मुताबिक, हादसे में फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलिकॉप्टर शामिल थे। इनमें से एक हेलिकॉप्टर लुकला से आ रहा था, जबकि दूसरा एवरेस्ट बेस कैंप से लौट रहा था। दोनों हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों आपस में टकरा गए।
टक्कर के बाद हेलिकॉप्टरों के हिस्से टूटकर आसपास गिरने लगे। बताया जा रहा है कि मलबा हेलीपैड के पास खड़े लोगों तक भी पहुंचा। अचानक हुए इस हादसे से वहां मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया।
बर्फ की वजह से हुआ हादसा?
हादसे की वजह को लेकर शुरुआती जानकारी में हेलीपैड पर जमी बर्फ को भी एक संभावित कारण माना जा रहा है। बर्फ की वजह से लैंडिंग के दौरान हेलिकॉप्टरों को परेशानी हुई हो सकती है। हालांकि, हादसे की असली वजह जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।
एक भारतीय पर्यटक की मौत, तीन लोग घायल
इस हादसे में एक भारतीय पर्यटक की जान चली गई। वहीं, न्यूजीलैंड के एक भारतीय मूल के नागरिक को चोटें आई हैं। दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलट भी घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए पहुंचाया गया। फिलहाल हादसे के बाद हेलिकॉप्टरों की सुरक्षा और लैंडिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।






