आगरा में तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में एक लावारिस ट्रॉली बैग से इंसानी शरीर के टुकड़े मिले। आगरा कैंट जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
आगरा: तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक लावारिस पड़े लाल ट्रॉली बैग से इंसानी शरीर के टुकड़े मिले। यह चौंकाने वाली घटना तब सामने आई जब ट्रेन आगरा पहुंची। आगरा कैंट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह ट्रॉली बैग जनरल कोच के पिछले हिस्से में लावारिस हालत में पड़ा था। जब काफी देर तक बैग का कोई मालिक सामने नहीं आया, तो यात्रियों ने रेलवे पुलिस को इसकी जानकारी दी। बैग से खून रिस रहा था और उसमें से बहुत तेज बदबू भी आ रही थी।
पुलिस ने जब बैग खोला तो अंदर कपड़े में लिपटे हुए इंसानी शरीर के सड़े-गले टुकड़े मिले। शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि यह किसी पुरुष का शव है। लाश इतनी सड़ चुकी है कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। शरीर के हिस्सों को आगे की फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
इस मामले में आगरा कैंट जीआरपी (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम अब उन सभी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जहां से यह ट्रेन गुजरी थी। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस ट्रॉली बैग को किस स्टेशन से ट्रेन में चढ़ाया गया था।
