दिल्ली में 'वृक्षीत फाउंडेशन' को सफाई अभियान के दौरान कूड़े के ढेर से एक नर कंकाल मिला। वालंटियर्स ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। फोरेंसिक टीम जांच कर रही है कि यह असली कंकाल है या कोई मेडिकल स्पेसिमेन।
नई दिल्ली: दिल्ली में एक सफाई अभियान के दौरान 'वृक्षीत फाउंडेशन' के वालंटियर्स को कूड़े के ढेर के नीचे से एक नर कंकाल मिला। यह देखकर सब हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत सफाई का काम रोक दिया और पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची और जांच के लिए कंकाल के अवशेषों को इकट्ठा कर लिया। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह कंकाल किसी इंसान का है या फिर पढ़ाई के लिए इस्तेमाल होने वाला कोई मेडिकल स्पेसिमेन, जिसे गलत तरीके से फेंक दिया गया हो।
कूड़े में कंकाल
सफाई के दौरान कूड़े के ढेर के नीचे से नर कंकाल मिलने की यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। यह घटना वृक्षीत फाउंडेशन की तरफ से चलाए जा रहे एक क्लीन-अप ड्राइव के दौरान हुई। वीडियो में देखा जा सकता है कि सेफ्टी ग्लव्स और मास्क पहने वालंटियर्स जब कूड़े का एक बड़ा ढेर हटा रहे थे, तो उन्हें नीचे इंसानी हड्डियों जैसा कुछ दिखाई दिया। इस संदिग्ध चीज को देखते ही टीम ने तुरंत काम रोक दिया और स्थानीय अधिकारियों को सूचित किया।
क्या यह मेडिकल वेस्ट है?
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की। हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि यह असली इंसानी कंकाल है या मेडिकल वेस्ट। आपको बता दें कि भारत में बायोमेडिकल वेस्ट को गलत तरीके से ठिकाने लगाना एक गंभीर समस्या है। वैसे तो अस्पतालों और लैब के लिए कचरा फेंकते समय सख्त नियमों का पालन करना जरूरी है, लेकिन अक्सर ऐसा नहीं होता।
वृक्षीत फाउंडेशन ने जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, तो यह वायरल हो गया। कई लोगों ने कमेंट्स में उम्मीद जताई कि यह सिर्फ मेडिकल वेस्ट हो। वहीं, कुछ लोगों ने दिल्ली के क्राइम रेट का हवाला देते हुए आशंका जताई कि यह किसी अपराध से जुड़ा मामला भी हो सकता है, जिसमें शव को छिपाने की कोशिश की गई हो।
