Hyderabad IT Manager: हैदराबाद की एक आईटी कंपनी में अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक मैनेजर अपनी ही टीम के 10 सदस्यों से करीब 4 लाख रुपये उधार लेकर 'इमरजेंसी लीव' पर चला गया. जब कर्मचारियों ने HR से शिकायत की तो कंपनी ने इसे निजी मामला बताकर पल्ला झाड़ लिया.
Hyderabad IT Employee: हैदराबाद के आईटी सेक्टर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक आईटी कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि उसके मैनेजर ने अपनी ही टीम के 10 सदस्यों से कुल 4 लाख रुपये उधार लिए और फिर अचानक 'इमरजेंसी लीव' पर चला गया. इस घटना के बाद से कर्मचारी परेशान हैं क्योंकि उन्हें अपने पैसे वापस मिलने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही.
आरोप लगाने वाले कर्मचारी के मुताबिक, मैनेजर ने टीम के लोगों से अलग-अलग समय पर पैसे लिए थे. उसने कुछ लोगों के पैसे आंशिक रूप से लौटाए भी, लेकिन ज्यादातर रकम बाकी थी. इसी बीच, वह अचानक 'इमरजेंसी लीव' का हवाला देकर ऑफिस से गायब हो गया और अब उसका कुछ पता नहीं चल रहा है.
HR ने पल्ला झाड़ा, कहा- 'ये आपका निजी मामला है'
जब टीम के सदस्यों को लगा कि उनके साथ धोखा हुआ है, तो उन्होंने कंपनी के ह्यूमन रिसोर्स (HR) डिपार्टमेंट से संपर्क किया. कर्मचारियों को उम्मीद थी कि कंपनी इस मामले में उनकी मदद करेगी और मैनेजर के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगी. लेकिन कहानी में एक और मोड़ तब आया जब HR ने इस पूरे मामले को कर्मचारियों का 'निजी मामला' बता दिया.
कंपनी के इस रवैये से कर्मचारी सकते में हैं. HR विभाग ने साफ तौर पर कह दिया कि पैसों का लेन-देन कर्मचारियों के बीच का व्यक्तिगत मसला है और कंपनी इसमें हस्तक्षेप नहीं कर सकती. ज़ाहिर है, इस जवाब ने कर्मचारियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.
अब बेचारे कर्मचारी न घर के रहे न घाट के एक तरफ मैनेजर पैसे लेकर गायब है और दूसरी तरफ कंपनी भी कोई मदद करने को तैयार नहीं है. यह मामला अब सार्वजनिक हो चुका है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
