PM मोदी ने भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखा दी। जींद- सोनीपत रूट पर दौड़ने वाली यह ट्रेन बिना डीज़ल और बिना बिजली के तारों के कैसे चलती है? जानिए इसकी तकनीक, रूट, स्पीड और सुरक्षा की पूरी कहानी।
PM Modi Flags Off Hydrogen Train: भारतीय रेलवे के इतिहास में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली और दुनिया की सबसे ताकतवर हाइड्रोजन से चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह केवल एक नई ट्रेन की शुरुआत नहीं है, बल्कि उस महाक्रांति का आगाज है जो भारतीय पटरियों से डीजल और प्रदूषण के साम्राज्य को हमेशा के लिए उखाड़ फेंकेगी। यह स्वदेशी तकनीक से बनी ट्रेन अब हरियाणा की पटरियों पर दौड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। आइए जानते हैं इस अद्भुत और पर्यावरण अनुकूल 'भविष्य की ट्रेन' की वो बातें, जो किसी को भी हैरान कर सकती हैं।
जींद से सोनीपत तक…आखिर इसी रूट को क्यों चुना गया?
फिलहाल यह ट्रेन नॉर्दर्न रेलवे के 89 किलोमीटर लंबे जींद-सोनीपत सेक्शन पर संचालित होगी। इस मार्ग पर जींद जंक्शन, जींद सिटी, पांडु पिंडारा जंक्शन, ललित खेड़ा हॉल्ट, भंभेवा, ईसापुर खेड़ी, बुटाना, खंडराई, राबराह, लाठ, मोहाना, बरवासनी हॉल्ट, सोनीपत न्यू और सोनीपत जैसे स्टेशन पड़ते हैं। ट्रेन की शुरुआती परिचालन गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है, जबकि इसे अधिकतम 110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार के लिए डिज़ाइन किया गया है। रेलवे के अनुसार, इस सेक्शन का चयन वास्तविक परिचालन परिस्थितियों में हाइड्रोजन तकनीक की सुरक्षा, विश्वसनीयता और व्यवहारिकता का परीक्षण करने के लिए किया गया है।
बिना डीज़ल, बिना बिजली की तार…फिर कैसे दौड़ती है यह ट्रेन?
इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत इसकी हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक है। पारंपरिक डीज़ल या ओवरहेड इलेक्ट्रिक तारों से चलने वाली ट्रेनों के विपरीत, यह ट्रेन अपनी बिजली खुद तैयार करती है। ट्रेन में लगे प्रोटॉन एक्सचेंज मेम्ब्रेन (PEM) फ्यूल सेल के भीतर हाई-प्रेशर हाइड्रोजन और हवा में मौजूद ऑक्सीजन के बीच रासायनिक प्रक्रिया होती है। इस प्रतिक्रिया से बिजली पैदा होती है, जो ट्रैक्शन मोटरों को चलाती है। इस पूरी प्रक्रिया में केवल पानी की भाप और गर्मी निकलती है, जबकि धुआं या प्रत्यक्ष कार्बन उत्सर्जन लगभग नहीं होता।
सरल शब्दों में:
हाइड्रोजन + ऑक्सीजन = बिजली + पानी की भाप
यही तकनीक इसे पर्यावरण के लिए बेहद अनुकूल बनाती है।
10 कोच, 2 पावर कार और 3,200 हॉर्सपावर…क्या है इसकी असली ताकत?
इस ट्रेन में दोनों सिरों पर दो हाइड्रोजन ड्राइविंग पावर कार (DPC) और बीच में आठ यात्री कोच लगाए गए हैं। प्रत्येक पावर कार 1,200 किलोवाट यानी लगभग 1,600 हॉर्सपावर ऊर्जा उत्पन्न करती है। दोनों मिलकर ट्रेन को आवश्यक शक्ति प्रदान करती हैं। हर पावर कार में हाइड्रोजन फ्यूल सेल, लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) बैटरी और हाई-प्रेशर हाइड्रोजन स्टोरेज सिलेंडर लगाए गए हैं। बैटरियां फ्यूल सेल के साथ मिलकर ऊर्जा प्रबंधन करती हैं, जिससे ट्रेन विभिन्न परिचालन परिस्थितियों में भी सुचारु रूप से चलती रहती है।
ये भी पढ़े…WATCH: रेलवे की वो बड़ी लापरवाही जिसने छीन ली मासूमों की सांसें, मुर्शिदाबाद हादसे का सच आया सामने!
3,000 किलो हाइड्रोजन का भंडार…जींद बना देश का पहला बड़ा हाइड्रोजन हब
- इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जींद में भारतीय रेलवे ने देश की सबसे बड़ी रेलवे हाइड्रोजन रीफ्यूलिंग सुविधा स्थापित की है।
- यहां इलेक्ट्रोलिसिस तकनीक के माध्यम से पानी से हाइड्रोजन तैयार की जाती है। इसके बाद हाइड्रोजन को 500 बार दबाव पर विशेष टैंकों में संग्रहित किया जाता है।
- ट्रेन में ईंधन भरने के दौरान इसे 350 बार दबाव पर दो अलग-अलग डिस्पेंसर के जरिए दोनों पावर कारों में एक साथ भरा जाता है, जिससे रीफ्यूलिंग का समय काफी कम हो जाता है।
- यह सुविधा लगभग 3,000 किलोग्राम हाइड्रोजन संग्रहित करने की क्षमता रखती है और इसे पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव्स सेफ्टी ऑर्गनाइजेशन (PESO) की मंजूरी भी प्राप्त है।
हाइड्रोजन है…लेकिन सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
- हाइड्रोजन अत्यधिक ज्वलनशील गैस मानी जाती है, इसलिए भारतीय रेलवे ने इस परियोजना में बहुस्तरीय सुरक्षा प्रणाली अपनाई है।
- ट्रेन और रीफ्यूलिंग स्टेशन में हाइड्रोजन लीक डिटेक्टर, फ्लेम डिटेक्टर, हीट और स्मोक सेंसर, निरंतर वेंटिलेशन सिस्टम, ऑटोमैटिक शटडाउन और हाइड्रोजन आइसोलेशन सिस्टम लगाए गए हैं।
- ड्राइवर के केबिन में रियल-टाइम मॉनिटरिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।
- इसके अलावा, जर्मनी की स्वतंत्र एजेंसी TÜV SÜD ने पूरे हाइड्रोजन इकोसिस्टम का सुरक्षा मूल्यांकन किया है।
- ट्रेन को यात्रियों के लिए शुरू करने से पहले इलेक्ट्रिकल लोड टेस्ट, रेडियो-फ्रीक्वेंसी कम्पैटिबिलिटी, ऑसिलेशन टेस्ट और इमरजेंसी ब्रेकिंग जैसे कई तकनीकी परीक्षणों से भी गुजारा गया।
क्या बदलने वाली है भारतीय रेलवे की तस्वीर?
भारत का 99 प्रतिशत से अधिक ब्रॉड-गेज रेल नेटवर्क पहले ही विद्युतीकृत हो चुका है। ऐसे में हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन उस अगले चरण का संकेत है, जहां बिना ओवरहेड बिजली लाइनों और बिना डीज़ल इंजन के भी स्वच्छ, आधुनिक और टिकाऊ रेल सेवाएं संभव होंगी। यह परियोजना केवल एक नई ट्रेन की शुरुआत नहीं, बल्कि भारत के पहले एकीकृत हाइड्रोजन रेलवे इकोसिस्टम की नींव है, जिसमें हाइड्रोजन का उत्पादन, भंडारण, रीफ्यूलिंग और ट्रेन संचालन—सभी प्रक्रियाएं एक ही प्रणाली के तहत विकसित की गई हैं। यदि यह परियोजना सफल रहती है, तो आने वाले वर्षों में भारतीय रेलवे के कई गैर-विद्युतीकृत मार्गों पर हाइड्रोजन आधारित ट्रेनों की शुरुआत का रास्ता भी खुल सकता है।
ये भी पढ़ें…VIDEO: महिला से सड़क पर की गंदी हरकत, कॉलर पकड़कर 400 मीटर तक घसीट ले गई 'लेडी सिंघम'!


