Veer Guardian 2026: भारत और जापान के बीच चल रहे 'वीर गार्जियन-2026' युद्धाभ्यास में दोनों देशों के वायुसेना प्रमुखों ने जोधपुर से तेजस फाइटर जेट उड़ाया। इस एयर एक्सरसाइज में दोनों देशों के कई खतरनाक लड़ाकू विमान हिस्सा ले रहे हैं।

India Japan Air Exercise: भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह और जापान एयर सेल्फ-डिफेंस फोर्स (JASDF) के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल ताकेहिरो मोरीता ने रविवार को जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन से तेजस विमान में उड़ान भरी। यह उड़ान भारत-जापान के द्विपक्षीय हवाई युद्धाभ्यास 'वीर गार्जियन-2026' का हिस्सा थी।

उड़ान भरने से पहले दोनों वायुसेना प्रमुख अपने-अपने विमानों की तरफ जाते दिखे। इस युद्धाभ्यास में भारतीय वायुसेना (IAF) और जापानी वायुसेना (JASDF) के फ्रंटलाइन फाइटर जेट्स शामिल हो रहे हैं।

भारतीय वायुसेना इस अभ्यास में अपने स्वदेशी लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (LCA) तेजस, सुखोई-30MKI और राफेल जैसे दमदार लड़ाकू विमानों के साथ उतरी है। वहीं, जापानी वायुसेना अपने F-2A फाइटर जेट्स के साथ इसमें हिस्सा ले रही है।

रक्षा साझेदारी के लिए 'बड़ा मील का पत्थर'

इससे पहले 10 सितंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस युद्धाभ्यास को लेकर बड़ी बात कही थी। उन्होंने जोधपुर में हो रहे 'एक्सरसाइज वीर गार्जियन' में जापान के फाइटर जेट्स के शामिल होने को भारत-जापान रक्षा साझेदारी के लिए एक "महत्वपूर्ण मील का पत्थर" बताया था।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि जापानी वायुसेना (JASDF) के फाइटर जेट्स का पहली बार भारत आना, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए दोनों देशों के बढ़ते भरोसे को दिखाता है। उन्होंने पिछले महीने नई दिल्ली में अपने जापानी समकक्ष के साथ हुई "बेहद शानदार बातचीत" को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 'वीर गार्जियन' जैसे युद्धाभ्यास से दोनों देशों का तालमेल और मजबूत होता है।

IAF ने किया जापानी वायुसेना का स्वागत

बता दें कि 8 सितंबर को भारतीय वायुसेना ने 'वीर गार्जियन 2026' के लिए जापानी वायुसेना के F-2 फाइटर जेट्स का जोरदार स्वागत किया था।

इस जॉइंट एयर डिफेंस ड्रिल की शुरुआत का ऐलान करते हुए भारतीय वायुसेना ने इसके रणनीतिक महत्व पर जोर दिया। IAF के मीडिया कोऑर्डिनेशन सेंटर ने X पर लिखा, "जोधपुर का आसमान हाई-ऑक्टेन एरियल एक्शन के लिए पूरी तरह तैयार है, क्योंकि #IAF ने एक्स वीर गार्जियन के लिए #JASDF के F-2s का स्वागत किया है। इससे दोनों देशों की सेनाओं के बीच तालमेल बढ़ेगा, स्किल्स निखरेंगी और भारत-जापान रक्षा साझेदारी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी।"

युद्धाभ्यास का शेड्यूल और दायरा

रक्षा मंत्रालय की रिलीज में बताया गया, "भारतीय वायुसेना (IAF) और जापान एयर सेल्फ डिफेंस फोर्स (JASDF) के बीच द्विपक्षीय हवाई अभ्यास 'वीर गार्जियन-2026' जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर शुरू होगा। यह 22 सितंबर 2026 तक चलेगा।"

इस 14 दिनों के युद्धाभ्यास के दौरान, दोनों देशों के वायु सैनिक एडवांस ऑपरेशनल मिशन को अंजाम देंगे और एक-दूसरे के साथ अपने प्रोफेशनल अनुभव साझा करेंगे।