Indian Army Rank List: इंडियन आर्मी देश की सुरक्षा में सबसे बड़ा रोल निभाती है। हर साल 15 जनवरी को सेना दिवस मनाते हैं। आर्मी में कुल 17 रैंक होते हैं, लेकिन सबसे ऊंचे 'फील्ड मार्शल' पद तक इतिहास में सिर्फ दो ही अफसर पहुंच पाए हैं।
Indian Army 17 Ranks List: इंडियन आर्मी दुनिया की सबसे बड़ी थल सेनाओं में से एक है। देश की सुरक्षा और अखंडता को बनाए रखने में इसका सबसे अहम रोल है। आजादी से बहुत पहले ही भारतीय सेना वजूद में आ गई थी। इसकी शुरुआत ईस्ट इंडिया कंपनी की सेनाओं से हुई थी। बाद में यह ब्रिटिश इंडियन आर्मी बनी। इसमें रियासतों की सेनाएं और इंपीरियल सर्विस ट्रूप्स भी शामिल थे। आजादी के बाद इन सभी को मिलाकर भारत की राष्ट्रीय सेना बनाई गई।
भारत में हर साल 15 जनवरी को सेना दिवस (Army Day) मनाया जाता है। यह दिन इसलिए खास है क्योंकि इसी दिन अंग्रेजों ने भारत को सैन्य सत्ता सौंपी थी। साल 1949 में फील्ड मार्शल के.एम. करियप्पा ने भारत के आखिरी ब्रिटिश कमांडर-इन-चीफ जनरल फ्रांसिस बुचर से कमान ली थी और वह पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ बने थे। इस दिन हम उन वीर जवानों को नमन करते हैं जो देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर देते हैं।
5 बड़े युद्ध
पिछले 75 सालों में इंडियन आर्मी ने पांच बड़े युद्ध लड़े हैं। इनमें से चार पाकिस्तान के खिलाफ और एक चीन के खिलाफ था। पाकिस्तान को चारों युद्धों में भारत ने बुरी तरह हराया। युद्ध के अलावा भी सेना ने देश की सुरक्षा के लिए अनगिनत ऑपरेशन चलाए हैं। हमारे जवान जितनी मुस्तैदी से सरहद पर डटे रहते हैं, उतनी ही बहादुरी से देश के अंदर भी जान की बाजी लगाकर हमारी हिफाजत करते हैं। इसके अलावा, इंडियन आर्मी ने संयुक्त राष्ट्र (UN) के कई शांति अभियानों में भी हिस्सा लिया है। इनमें लेबनान, अंगोला, कंबोडिया और वियतनाम जैसे कई देशों में चलाए गए मिशन शामिल हैं।
सेना से जुड़ी ये रोचक जानकारी
आर्मी का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों को कुछ ही पदों या रैंक के बारे में पता होता है। लेकिन आपको बता दें कि इंडियन आर्मी में कुल 17 रैंक होते हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि 'फील्ड मार्शल' सेना का सबसे ऊंचा पद है और अब तक सिर्फ दो ही अफसर इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं।
1. सिपाही (Sepoy)
2. लांस नायक (Lance Naik)
3. नायक (Naik)
4. हवलदार (Havildar)
5. नायब सूबेदार (Naib Subedar)
6. सूबेदार (Subedar)
7. सूबेदार मेजर (Subedar Major)
8. लेफ्टिनेंट (Lieutenant)
9. कैप्टन (Captain)
10. मेजर (Major)
11. लेफ्टिनेंट कर्नल (Lieutenant Colonel)
12. कर्नल (Colonel)
13. ब्रिगेडियर (Brigadier)
14. मेजर जनरल (Major General)
15. लेफ्टिनेंट जनरल (Lieutenant General)
16. जनरल (General)
17. फील्ड मार्शल (Field Marshal)
भारतीय इतिहास में सिर्फ दो ही सैन्य अधिकारी इस लिस्ट में सबसे ऊपर यानी फील्ड मार्शल के पद तक पहुंचे हैं। ये दो नाम हैं- सैम मानेकशॉ और के.एम. करियप्पा। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में शानदार नेतृत्व के लिए सैम मानेकशॉ को 1973 में यह रैंक दिया गया था। वहीं, पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ के तौर पर उनकी बेहतरीन सेवाओं के सम्मान में के.एम. करियप्पा को 1986 में इस पद से नवाजा गया था।
