प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना नहीं खरीदने की सलाह पर उस वक्त भले ही सवाल उठे थे, लेकिन अब सोने के भाव गिरने के बाद व्यापारी उनकी तारीफ कर रहे हैं। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने PM मोदी को थैंक यू लेटर लिखकर कहा है कि उनकी सलाह से कारोबारी महंगे भाव पर सोना खरीदने से बच गए।

दिल्ली/मुंबई. सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी सलाह फिर चर्चा में आ गई है। कुछ महीने पहले PM मोदी ने देशवासियों से अपील की थी कि जरूरत न हो तो एक साल तक सोना खरीदने से बचें। उस समय उनकी इस सलाह पर काफी सवाल उठे थे, लेकिन अब सोने के भाव गिरने के बाद व्यापारियों का कहना है कि इस अपील ने उन्हें बड़े आर्थिक नुकसान से बचा लिया। इसी के लिए चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद पत्र लिखा है।

सोना खरीदने की सलाह पर क्या बोले थे मोदी?

  • दरअसल, 10 मई 2026 को तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी मुद्रा बचाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से सात अपील की थीं। इनमें सोने की गैर-जरूरी खरीदारी कम करने, विदेश यात्रा टालने, ईंधन बचाने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने जैसी बातें शामिल थीं।
  • PM मोदी ने लोगों से कहा था कि अगर बहुत जरूरी न हो तो एक साल तक सोना खरीदने से बचें। उनका मकसद सोने के आयात पर खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा को बचाना था।

1.90 लाख से 1.25 लाख रुपये पर आया सोना

  • CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, जब प्रधानमंत्री ने यह सलाह दी थी, उस समय सोने का भाव करीब 1.90 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था। अब यह घटकर करीब 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है। यानी प्रति 10 ग्राम करीब 65 हजार रुपये की गिरावट आई है।
  • CTI का कहना है कि अगर ज्वेलरी कारोबारियों ने उस समय महंगे भाव पर बड़ी मात्रा में सोना खरीदकर स्टॉक जमा किया होता, तो उन्हें आज भारी नुकसान उठाना पड़ता। संगठन के मुताबिक, एक किलो सोने पर करीब 65 लाख रुपये की कीमत का अंतर आया है।

व्यापारियों ने पत्र में क्या कहा?

  • CTI ने 22 नवंबर को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर उनके फैसले की तारीफ की। संगठन का कहना है कि देशभर में लाखों ज्वेलरी कारोबारी कई महीनों का स्टॉक रखते हैं। ऐसे में महंगे भाव पर खरीदा गया सोना सस्ता होने से उनके कारोबार को बड़ा नुकसान हो सकता था।
  • संगठन के मुताबिक, छोटे ऑनलाइन और ऑफलाइन ट्रेडर तथा निवेशक भी ऊंचे भाव पर खरीदारी करने से बचे। CTI ने यह भी कहा कि शुरुआत में PM की सलाह का विरोध करने वाले कुछ व्यापारी अब इसके फायदे को स्वीकार कर रहे हैं।

शादी के सीजन में आम लोगों को राहत

CTI के मुताबिक, मौजूदा शादी के सीजन में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है। सोने के दाम कम होने से शादी की खरीदारी करने वाले परिवारों को भी राहत मिल रही है। संगठन ने प्रधानमंत्री से सोना-चांदी जैसे बाजारों पर आगे भी समय-समय पर मार्गदर्शन देने की अपील की है।