Indian Captain Flydubai Flight: इजरायल जा रही फ्लाइट में इंडियन कैप्टन पर चाकू से हमला हुआ। कॉकपिट में मची अफरातफरी के बीच 180 यात्रियों की जान कैसे बची? जानिए पूरी कहानी।
Flydubai Hijack Attempt: दुबई से इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में हवा के बीच ऐसा खौफनाक घटनाक्रम हुआ, जिसने विमान में सवार 180 से ज्यादा यात्रियों की जान खतरे में डाल दी। रिपोर्टों के मुताबिक, कॉकपिट में एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला कर दिया। जिस पायलट पर हमला हुआ, उसके बारे में इजरायली मीडिया ने दावा किया है कि वह भारतीय मूल का था। वहीं घायल होने के बावजूद उसने स्थिति का सामना किया और विमान को सुरक्षित उतारने में अहम भूमिका निभाई।
भारतीय मूल के कैप्टन पर हुआ चाकू से हमला
इजरायल के Ynet और Channel 12 की रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कथित तौर पर ओमानी को-पायलट ने भारतीय मूल के कैप्टन पर चाकू से हमला किया। घटना के बाद विमान में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमले के दौरान विमान का नियंत्रण भी प्रभावित हुआ। यात्रियों ने कॉकपिट से चीखने की आवाजें सुनीं। एक यात्री के मुताबिक, जब कॉकपिट तक लोग पहुंचे तो वहां खून दिखाई दिया। इसके बाद कुछ यात्रियों ने कथित हमलावर को काबू करने में मदद की।
ये भी पढ़ें- दुबई-तेल अवीव फ्लाइट ने अचानक क्यों बदला रूट, तेजी से नीचे आया विमान; वजह जान घूम जाएगा माथा
180 से ज्यादा यात्रियों की जान पर था खतरा
फ्लाइट में 180 से ज्यादा लोग सवार थे, जिनमें 27 बच्चे भी शामिल बताए गए हैं। हालात बिगड़ने के बाद विमान को इजरायल के बजाय सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान में यात्रा कर रहे कुछ ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने भी लैंडिंग में मदद की। घटना के दौरान विमान से हाईजैक की स्थिति का संकेत देने वाला स्क्वॉक 7500 भी प्रसारित हुआ था। हालांकि, बाद में इजरायली अधिकारियों ने घटना को लेकर शुरुआती हाईजैक आशंका पर स्थिति स्पष्ट की।
ये भी पढ़ें- Flydubai Flight VIDEO: 'हाईजैक' सिग्नल से पहले कॉकपिट में क्या हुआ? पायलट को चाकू! PHOTOS
9/11 जैसे हमले की आशंका की जांच
इजरायली मीडिया में एक अधिकारी के हवाले से दावा किया गया कि जांच इस बात पर केंद्रित है कि क्या विमान को जानबूझकर क्रैश करने की कोशिश की गई थी। वहीं, ओमानी पायलट को इजरायल जाने वाली इस फ्लाइट में उड़ान भरने की अनुमति कैसे मिली, इसकी सुरक्षा जांच भी की जा रही है।
इजरायल के YNet News और Channel 12 के अनुसार कहा गया कि जिस पायलट पर चाकू से वार हुआ वह भारतीय मूल का है, जबकि Ynet न्यूज ने पायलट को भारतीय नागरिक बताया है। फिलहाल भारतीय मूल के कैप्टन की पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक जांच के नतीजों का इंतजार है। लेकिन इतना साफ है कि हवा में हुई इस हिंसक घटना ने विमान में सवार यात्रियों को बेहद गंभीर खतरे में डाल दिया था।
