Indian Railways New Rule: अगर आप मोबाइल से रेलवे का जनरल टिकट बुक करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय रेलवे के नए नियम के अनुसार अब टिकट का स्क्रीनशॉट, फोटो या वॉट्सऐप कॉपी मान्य नहीं होगी।

Indian Railways General Ticket New Rule: अगर आप अक्सर ट्रेन में सफर करते हैं और जनरल टिकट मोबाइल से बुक करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय रेलवे ने डिजिटल जनरल टिकट को लेकर नियम स्पष्ट कर दिए हैं। अब सिर्फ टिकट का स्क्रीनशॉट, फोटो, पीडीएफ या वॉट्सऐप पर भेजी गई कॉपी दिखाकर यात्रा नहीं की जा सकेगी। सफर के दौरान यात्रियों को रेल वन (RailOne) ऐप में मौजूद वास्तविक डिजिटल टिकट ही दिखाना होगा। नियम का पालन नहीं करने पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

स्क्रीनशॉट दिखाने पर महिला यात्री को भरना पड़ा जुर्माना

हाल ही में कोरबा-विशाखापट्टनम लिंक एक्सप्रेस (18517) में यात्रा के दौरान एक महिला यात्री से जुर्माना वसूला गया। टिकट जांच के समय उन्होंने अपने भाई द्वारा भेजा गया टिकट का वॉट्सऐप स्क्रीनशॉट दिखाया। जांच में पता चला कि टिकट ट्रेन रवाना होने के बाद ऑनलाइन बुक किया गया था और वह बुकिंग वाले रजिस्टर्ड मोबाइल में भी उपलब्ध नहीं था। रेलवे ने इसे अमान्य मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई की।

मोबाइल से जनरल टिकट बुक करने वालों के लिए क्या हैं नए नियम?

रेलवे के अनुसार, अनारक्षित (जनरल) डिजिटल टिकट तभी वैध माना जाएगा, जब वह उसी मोबाइल में रेल वन ऐप पर उपलब्ध हो, जिससे टिकट बुक किया गया है। इसके अलावा टिकट यात्रा शुरू होने से पहले ही बुक होना चाहिए।

यह भी पढ़ें: रिचार्ज कराने से पहले ये खबर पढ़ लें! Jio दे रहा है बिना पैसे बढ़ाए Extra Data?

ध्यान रखने वाली जरूरी बातें:

  1. टिकट का स्क्रीनशॉट, फोटो, पीडीएफ या वॉट्सऐप कॉपी मान्य नहीं होगी।
  2. टिकट जांच के समय रेल वन ऐप में लाइव टिकट दिखाना होगा।
  3. ट्रेन के स्टेशन से रवाना होने के बाद मोबाइल से बुक किया गया जनरल टिकट स्वीकार नहीं किया जाएगा।
  4. बुकिंग वाला रजिस्टर्ड मोबाइल और उसका नंबर जांच के समय उपलब्ध होना चाहिए।
  5. यात्रा के दौरान फोन चार्ज और चालू रखना भी जरूरी है।

किन यात्रियों पर लागू नहीं होगा यह नियम?

रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह नियम केवल मोबाइल ऐप से बुक किए गए अनारक्षित (जनरल) डिजिटल टिकटों पर लागू होता है। रिजर्वेशन टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह व्यवस्था लागू नहीं है, क्योंकि वहां टिकट के साथ सरकारी पहचान पत्र की भी जांच की जाती है।

रेलवे का कहना है कि डिजिटल टिकटों के गलत इस्तेमाल और फर्जी कॉपी के जरिए यात्रा की शिकायतों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। इसलिए अगली बार जब भी आप रेल वन ऐप से जनरल टिकट बुक करें, तो उसे अपने रजिस्टर्ड मोबाइल से ही बुक करें और सफर के दौरान उसी ऐप में मौजूद मूल डिजिटल टिकट टीटीई को दिखाएं। इससे यात्रा के दौरान किसी भी तरह की परेशानी या जुर्माने से बचा जा सकेगा।

यह भी पढ़ें: बिजली कटने से नहीं, इस वजह से बढ़ता है आपका Electricity Bill! ज्यादातर लोग नहीं जानते