फ्रांस में भारतीय लड़की शुभांगी व्यास का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह रात 1 बजे अकेले सुरक्षित घर लौट रही हैं। उन्होंने भारत में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाया, जिससे इस मुद्दे पर एक नई बहस छिड़ गई है।

आधी रात को बिना किसी डर के सड़क पर घूमना, शहर की गलियों से होते हुए सुरक्षित घर पहुंचना, शायद हर लड़की का सपना होता है। लेकिन अपनी सुरक्षा की चिंता किए बिना ऐसा करने का मौका ज़्यादातर लड़कियों को नहीं मिलता। हमारे शहर ऐसे हैं कि साथ में कोई हो, तब भी सुरक्षा की गारंटी नहीं होती।

मगर दुनिया के कुछ शहरों में यह मुमकिन है। ऐसा ही एक अनुभव फ्रांस में रहने वाली भारतीय लड़की शुभांगी व्यास ने शेयर किया है। शुभांगी ने रात के 1 बजे अकेले घर वापस आने का अपना एक्सपीरियंस एक वीडियो में बताया है।

वीडियो में शुभांगी एक शांत शहर की सड़क पर अकेली चलती दिख रही हैं। वह कहती हैं, 'ये वीडियो देखने के बाद मेरे मम्मी-पापा मुझसे बात नहीं करेंगे। लेकिन देखिए, रात का एक बज रहा है। मैं छोटे कपड़े पहनकर रात में अकेले घर जा रही हूं और यहां मुझे परेशान करने वाला कोई नहीं है। इसीलिए मुझे फ्रांस पसंद है।'

View post on Instagram

वीडियो में उन्होंने यह भी लिखा, 'भारत में ऐसा कब होगा? उस दिन का इंतज़ार है जब भारत में भी लड़कियों को इतनी ही सुरक्षा महसूस हो।' यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया। कमेंट सेक्शन में सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई है।

लोगों का कहना है कि हर जगह महिलाओं की सुरक्षा अलग-अलग होती है। यहां तक कि एक ही देश के अलग-अलग शहरों में भी हालात जुदा होते हैं। हालांकि, इस बात पर सब सहमत हैं कि हर जगह ऐसा माहौल होना चाहिए जहां महिलाएं किसी भी वक्त, बिना किसी डर के बाहर निकल सकें।