अमेरिका में महंगे खर्चों पर एक भारतीय महिला का वीडियो वायरल हुआ है। उन्होंने $57 के डोसे और महंगी टैक्सी जैसे खर्चों पर हैरानी जताई, जो रुपये में कमाने वालों के लिए वित्तीय चिंता का कारण हैं।
अमेरिका की अपनी यात्रा के दौरान हुए खर्चों के बारे में शिकायत करते हुए एक भारतीय महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आकृति पांडे नाम की इस महिला ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में बताया कि कॉफी और डोसे की कीमत देखकर वह सचमुच हैरान रह गईं। उनका कहना है कि जो व्यक्ति भारतीय रुपये में कमाता है, उसके लिए अमेरिका में हर खर्च को रुपये में बदलना बहुत चिंताजनक है।

आकृति बताती हैं कि वह मलेशियाई रिंगिट और थाई बात की रुपये से तुलना करने के बाद अमेरिका पहुंची थीं। वह कहती हैं, 'आज एक डॉलर 93 से 95 रुपये का है। यह यात्रा मुझे अपनी जिंदगी के बारे में फिर से सोचने पर मजबूर कर रही है।'
महिला ने एक और बड़ी समस्या पब्लिक ट्रांसपोर्ट की कमी को बताया। उन्होंने कहा कि आधी रात में एयरपोर्ट पर उतरने के बाद होटल तक पहुंचने के लिए टैक्सी का किराया लगभग एक दिन के होटल के किराए जितना होता है। आकृति ने बताया कि हाल ही में एक मोटल तक पहुंचने के लिए उन्हें 67 डॉलर (लगभग 6,000 रुपये से ज्यादा) खर्च करने पड़े।
खाने और कॉफी की कीमतों की भारत से तुलना करने पर वह सचमुच चौंक गईं। आकृति ने कहा, '7-इलेवन से मिलने वाली साधारण कॉफी के लिए भी 3-4 डॉलर देने पड़ते हैं। भारत में इतने पैसे में तो बढ़िया बीन्स और बादाम के दूध वाली अच्छी कॉफी मिल जाती है। बे एरिया में तीन डोसे खाने पर बिल 57 डॉलर आया, यानी करीब 5,300 रुपये।'
जो लोग कहते हैं कि खर्चों को रुपये में बदलकर नहीं सोचना चाहिए, उनसे आकृति का सवाल है कि भारत में नौकरी करके रुपये में कमाने वाला कोई इंसान ऐसा कैसे नहीं कर सकता? उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी यात्राओं का आनंद केवल वही लोग उठा सकते हैं जो कंपनी स्पॉन्सरशिप पर आते हैं, वरना यह बहुत ज्यादा फाइनेंशियल एंग्जायटी (वित्तीय चिंता) देता है। आकृति के वीडियो पर कई लोगों ने कमेंट करके उनका समर्थन किया है।
