flight lightning incident: बुधवार रात को 17,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रही इंडिगो फ्लाइट पर अचानक बिजली गिर गई। इससे प्लेन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा। आनन-फानन में फ्लाइट को तय समय से 8 मिनट पहले ही लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा।

IndiGo Emergency Landing: पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट बुधवार रात अचानक बिजली की चपेट में आ गई। घटना उस समय हुई, जब विमान करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। बिजली गिरने के बाद विमान के अगले हिस्से को मामूली नुकसान पहुंचा। स्थिति को देखते हुए पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए फ्लाइट की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।

फ्लाइट में उस समय 104 यात्री और 6 क्रू मेंबर, यानी कुल 110 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि बिजली गिरने की घटना के बावजूद विमान में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे। लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग तय समय से करीब 8 मिनट पहले कराई गई।

17 हजार फीट की ऊंचाई पर गिरी बिजली

जानकारी के मुताबिक, विमान पटना से लखनऊ के लिए उड़ान भरने के बाद अपने निर्धारित मार्ग पर था। इसी दौरान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान पर अचानक बिजली गिर गई। घटना के बाद पायलट ने स्थिति का आकलन किया और किसी भी जोखिम से बचने के लिए विमान को जल्द से जल्द लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला किया।

विमान के आगे के हिस्से को नुकसान

बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से में कुछ नुकसान हुआ है। हालांकि, इस घटना के दौरान विमान का नियंत्रण पायलट के हाथ में रहा और किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है। सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया।

DGCA ने शुरू की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए DGCA (नागरिक विमानन महानिदेशालय) ने मामले की जांच शुरू कर दी है। DGCA की टीम विमान की तकनीकी जांच करेगी। अधिकारियों के मुताबिक, जब तक विमान की पूरी तरह जांच नहीं हो जाती और उसकी उड़ान के लिए सुरक्षा मंजूरी नहीं मिलती, तब तक उसे दोबारा उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।