इराक में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई हुई है. सरकारी पैसों के गबन और वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप में अब तक सांसदों और बड़े अधिकारियों समेत 47 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

इराक में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत एक महिला सांसद के घर हुई छापेमारी ने पूरे देश को चौंका दिया। बगदाद में सुरक्षा एजेंसियों ने सांसद हिंद अल-अब्बासी के आवास पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद किया। सबसे ज्यादा चर्चा उस सोने से बनी अंडरवियर की हो रही है, जिसे अधिकारियों ने जब्त किया है। यह मामला इराक में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही बड़ी कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सांसद के घर से करोड़ों की नकदी और 27 किलो सोना बरामद

रिपोर्टों के अनुसार, छापेमारी के दौरान लगभग 927 करोड़ रुपये नकद और 27 किलो सोना बरामद किया गया। जब्त की गई वस्तुओं में पूरी तरह सोने से बनी एक अंडरवियर भी शामिल बताई जा रही है, जिसने मामले को और सनसनीखेज बना दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सरकारी धन के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के तहत की गई। हालांकि, बरामदगी को लेकर सरकार की ओर से अभी तक विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

47 गिरफ्तार, कई सांसद और अफसर जांच के घेरे में

इराक में पिछले कुछ दिनों से चल रहे भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में अब तक 47 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें कई सांसद और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने बगदाद समेत कई शहरों में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों के पास से लाखों डॉलर नकद, सोना, हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ है। सरकारी सूत्रों का दावा है कि जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

पूर्व पेट्रोलियम उपमंत्री के घर से भी हुई थी बड़ी बरामदगी

यह पहली बड़ी कार्रवाई नहीं है। इससे पहले इराक की सुप्रीम ज्यूडिशियल काउंसिल ने एक पूर्व डिप्टी पेट्रोलियम मंत्री के घर छापा मारकर करीब 10 मिलियन डॉलर नकद, 3 अरब इराकी दीनार, भारी मात्रा में सोने के गहने, कई बंदूकें और करीब 40 संपत्तियों के दस्तावेज जब्त किए थे। इन कार्रवाइयों ने इराक में भ्रष्टाचार की जड़ों और राजनीतिक तंत्र में कथित आर्थिक गड़बड़ियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल सांसद हिंद अल-अब्बासी का नाम इराकी संसद की आधिकारिक वेबसाइट पर सदस्य के रूप में मौजूद है। सरकार ने उनके खिलाफ औपचारिक आरोपों और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। इराक के प्रधानमंत्री ने संकेत दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और जांच में शामिल एजेंसियों को पूरी स्वतंत्रता दी जाएगी। ऐसे में यह मामला आने वाले दिनों में इराक की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन सकता है।