इजरायल चुनाव से पहले सर्वे में नेतन्याहू को बड़ा झटका लगा है। गादी आइजनकोट की याशार पार्टी 25 सीटों के साथ सबसे आगे है, जबकि नेतन्याहू की लिकुड को 21 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
Israel Election Survey 2026: इजरायल में आम चुनाव से पहले प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के लिए ओपिनियन पोल के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। सोमवार को जारी एक सर्वे के मुताबिक, अगर आज चुनाव होते हैं तो पूर्व इजरायली सेना प्रमुख गादी आइजनकोट की याशार पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आ सकती है। सर्वे में प्रधानमंत्री नेतन्याहू की स्थिति को लेकर भी कई अहम दावे किए गए हैं।
याशार को 25 और लिकुड को 21 सीटों का अनुमान
इजरायल के मार्केट रिसर्च और पब्लिक ओपिनियन पोलिंग संस्थान मिडगैम ने चैनल 12 के लिए यह सर्वे किया है। इसके मुताबिक, याशार पार्टी को 25 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी 21 सीटों पर सिमट सकती है। पिछले सर्वे की तुलना में याशार को एक सीट का फायदा हुआ है, जबकि लिकुड की सीटों में दो की कमी आई है। इजरायल की संसद यानी नेसेट में कुल 120 सीटें हैं।
नफ्ताली बेनेट की पार्टी को 13 सीटें
- सर्वे के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट की टुगेदर पार्टी को 13 सीटें मिल सकती हैं। हालांकि, यह पार्टी के हालिया सर्वे में अब तक का सबसे कम आंकड़ा है। पिछले सर्वे के मुकाबले टुगेदर पार्टी को दो सीटों का नुकसान हुआ है।
- यायर गोलान के नेतृत्व वाली डेमोक्रेट्स पार्टी 11 सीटों पर बनी हुई है। वहीं, एविगडोर लिबरमैन की यिसराइल बेतेनु पार्टी को 8 सीटें मिलने का अनुमान है।
- यूनाइटेड टोरा यहूदी धर्म पार्टी को भी 8 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि आर्येह डेरी की शास पार्टी को 7 सीटें मिल सकती हैं।
दक्षिणपंथी धार्मिक गठबंधन को 6 सीटें
- बेजलेल स्मोट्रिच और मोशे फेइग्लिन के नेतृत्व वाले राइट-विंग धार्मिक जियोनिज्म और जेहुत गठबंधन को 6 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, ओफर विंटर की अमचा यिसराइल पार्टी को 4 सीटें मिल सकती हैं।
- इजरायल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अरब पार्टियों में जॉइंट लिस्ट को 7 और मंसूर अब्बास की यूनाइटेड अरब लिस्ट को 4 सीटें मिलने का अनुमान है।
- वहीं, बेनी गैंट्ज की ब्लू एंड व्हाइट और अवी माओज की नोआम यिसराइल समेत कई पार्टियां 3.25 फीसदी के चुनावी थ्रेशोल्ड को पार करती हुई नहीं दिख रही हैं।
विपक्षी खेमे को 68 सीटों का अनुमान
- राजनीतिक गुटों के हिसाब से देखें तो विपक्षी खेमे को कुल 68 सीटें मिलने का अनुमान है। इनमें 57 सीटें यहूदी पार्टियों और 11 सीटें अरब पार्टियों के खाते में जाने की संभावना है।
- वहीं, नेतन्याहू के खेमे को 52 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। स्मोट्रिच और विंटर की पार्टियों के चुनावी थ्रेशोल्ड पार करने की संभावना के चलते नेतन्याहू के खेमे को पिछले आंकड़ों के मुकाबले दो सीटों का फायदा हुआ है।
सरकार बनाने के लिए 61 सीटों की जरूरत
इजरायल में सरकार बनाने के लिए 120 सदस्यीय नेसेट में कम से कम 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में मौजूदा सर्वे में विपक्ष को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। हालांकि, सरकार किसकी बनेगी, यह काफी हद तक चुनाव के बाद बनने वाले गठबंधन पर निर्भर करेगा।
प्रधानमंत्री पद की पसंद में भी नेतन्याहू पीछे
- प्रधानमंत्री पद की पसंद के मामले में भी बेंजामिन नेतन्याहू पिछड़ते नजर आ रहे हैं। सर्वे में 42 फीसदी लोगों ने गादी आइजनकोट को प्रधानमंत्री पद के लिए ज्यादा उपयुक्त बताया है। वहीं, 35 फीसदी लोगों ने नेतन्याहू को बेहतर विकल्प माना।
- इस तरह आइजनकोट को प्रधानमंत्री पद की पसंद के मामले में नेतन्याहू पर 7 प्रतिशत अंकों की बढ़त मिली है।
27 अक्टूबर को आम चुनाव, उम्मीदवारों की सूची जमा
यह सर्वे ऐसे समय सामने आया है, जब 27 अक्टूबर को होने वाले आम चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों ने अपनी उम्मीदवार सूची जमा कर दी है। गादी आइजनकोट ने पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट की पार्टी के साथ गठबंधन नहीं किया है। दूसरी ओर, ओफर विंटर ने भी बेजलेल स्मोट्रिच की पार्टी के साथ जाने के बजाय अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है।


