Ayodhya Ram Mandir News: एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा (रिटायर्ड) ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए CEO के तौर पर अपनी पहली बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने इसे एक शुरुआती मुलाकात बताया और कहा कि अपनी जिम्मेदारियां समझने के बाद ही वह औपचारिक रूप से पदभार संभालेंगे।
Jeetendra Mishra Ayodhya: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने गुरुवार को अयोध्या में ट्रस्ट की अपनी पहली बैठक में हिस्सा लिया। बैठक ट्रस्ट के कार्यालय में हुई, जिसमें वरिष्ठ सदस्य गोविंद देव गिरि महाराज और दिनेश जी के अलावा नए नियुक्त ट्रस्टी एवं वकील मदन मोहन पांडे भी मौजूद रहे।
बैठक के बाद जितेंद्र मिश्रा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह मुख्य रूप से एक शुरुआती बैठक थी, जिसमें ट्रस्ट के सदस्यों ने एक-दूसरे और अपने-अपने काम को समझने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों में वह अपनी जिम्मेदारियों और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझेंगे। इसके बाद ही वह CEO का औपचारिक पदभार संभालेंगे।
पहली बैठक में क्या हुआ?
रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि बैठक में फिलहाल किसी बड़े फैसले के बजाय आपसी परिचय और कामकाज को समझने पर जोर रहा। उन्होंने बताया कि अगले दो से पांच दिनों में ट्रस्ट के साथ बैठकर अपनी जिम्मेदारियों को विस्तार से समझेंगे। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी लेने के बाद ही वह CEO के तौर पर काम शुरू करेंगे।
मंदिर की व्यवस्था और संगठन पर भी चर्चा
नए नियुक्त ट्रस्टी मदन मोहन पांडे ने बताया कि बैठक में राम मंदिर के संगठन और व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर चर्चा हुई। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अभी किसी सदस्य को अलग-अलग जिम्मेदारियां नहीं सौंपी गई हैं। पांडे के मुताबिक, आने वाले समय में मंदिर के संगठन और सिस्टम को देखा जाएगा और सभी सदस्य मिलकर अपनी जिम्मेदारियों में सहयोग करेंगे।
बुधवार को हुई थी CEO की नियुक्ति
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बुधवार को रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को अपना CEO नियुक्त किया था। इसी के साथ तीन नए ट्रस्टियों के नाम भी तय किए गए थे। अयोध्या में हुई ट्रस्ट की बैठक में CEO की नियुक्ति के अलावा खाली ट्रस्टी पदों को भरने, वित्त वर्ष 2025-26 के वार्षिक खातों को मंजूरी देने, कथित वित्तीय गड़बड़ियों से जुड़ी SIT जांच की प्रगति और सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई थी।
39 साल का एयरफोर्स अनुभव
जितेंद्र मिश्रा के पास भारतीय वायु सेना की विभिन्न शाखाओं में करीब 39 साल का अनुभव बताया गया है। वह नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते हैं और उन्हें उत्तम युद्ध सेवा मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनकी नियुक्ति CEO के चयन के लिए गठित कमेटी की सिफारिश के आधार पर की गई है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मिश्रा ने इसे भगवान राम का आशीर्वाद बताया।
‘यह भगवान राम का आशीर्वाद है’
राम मंदिर ट्रस्ट का CEO बनाए जाने के बाद अपने पहले इंटरव्यू में जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि इतने उम्मीदवारों में से उनका चयन होना उनके लिए बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना में देश की सेवा करने के बाद अब श्री राम मंदिर और राम भक्तों की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए भगवान राम का आशीर्वाद है।
मिश्रा के मुताबिक, वह नई भूमिका को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निभाने की कोशिश करेंगे। अब आने वाले दिनों में उनकी प्राथमिकता ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और राम मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं को समझना होगी।
