Afghanistan Pakistan Conflict: पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक में काबुल का एक नशा मुक्ति अस्पताल मलबे में तब्दील हो गया, करीब 400 लोगों के मरने का दावा किया जा रहा है। तालिबान सरकार का आरोप है कि इस हमले में सैकड़ों बेगुनाह मारे गए हैं, जबकि पाकिस्तान इससे इनकार कर रहा है। अब एक अफगानी महिला ने इस पर पाकिस्तान को एक्सपोज कर दिया है।

Pakistan vs Afghanistan Kabul Attack: काबुल के हॉस्पिटल में हुए एयरस्ट्राइक को जहां पाकिस्तान आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई बता रहा है, वहीं एक अफगानी महिला ने पाकिस्तान की बर्बरता की सच्चाई बताते हुए उसे एक्सपोज कर दिया है। एक टीवी चैनल पर अफगानी महिला ने कहा कि इस हमले में मरने वालों की संख्या 400 से भी ज्यादा हो सकती है। सोमवार देर रात पाकिस्तानी एयरफोर्स के लड़ाकू विमानों ने राजधानी काबुल के कई इलाकों पर बम बरसाए, जिसमें यह हॉस्पिटल भी था। दावा किया गया है कि इसमें 400 लोगों की मौत और बड़ी संख्या में लोग घायल हैं। तालिबान सरकार ने इस अस्पताल को नशा मुक्ति केंद्र बताया, जबकि पाकिस्तान ने इससे साफ इनकार करते हुए कहा कि यह किसी अस्पताल पर नहीं बल्कि आतंकियों पर की गई कार्रवाई है।

LIVE डिबेट में क्या बोली पाकिस्तानी महिला?

एक न्यूज चैनल पर बहस के दौरान पाकिस्तानी महिला आरजू से सवाल पूछा गया कि क्या वाकई अस्पताल को टारगेट किया गया था? आरजू ने जवाब में कहा कि 'अभी तक पाकिस्तान अपनी तरफ से सफाई दे रहा है, लेकिन ये साफ है कि मासूम लोगों की जान गई है। इस तरह का हमला नहीं होना चाहिए था। उन्होंने ये भी माना कि इस घटना से पाकिस्तान को फायदा नहीं, नुकसान ही होगा।' हालांकि, आरजू ने मौतों के आंकड़ों को लेकर कहा कि अभी इस पर इंतजार करना चाहिए।

400 से भी ज्यादा लोग मरे- अफगान महिला का दावा

डिबेट में मौजूद अफगान महिला वजमा ने पाकिस्तान की पोल खोलते हुए कहा कि इस हमले में 'मरने वालों का आंकड़ा 400 से भी ज्यादा हो सकता है। वजमा ने कहा कि हॉस्पिटल 2000 बेड का था, लेकिन वहां 5000 से ज्यादा लोग आते थे। अभी तक कई लोगों के बॉडी पार्ट्स तक नहीं मिले हैं। अभी तो मरने वालों की फैमिली वहां पहुंचेंगी, क्लेम करेंगी, बॉडी और बॉडी पार्ट्स मिलेंगे, तब जाकर आंकड़ा साफ हो पाएगा, हो सकता है कि 400 से ज्यादा ही मौतें हुई हों।'

क्या है पूरा मामला?

सोमवार देर रात पाकिस्तान ने काबुल में एयरस्ट्राइक की। कई इलाकों में धमाके और गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं। एक बड़े हॉस्पिटल को भी नुकसान पहुंचा। तालिबान सरकार का आरोप है कि एक अस्पताल पर बम गिराए गए, जिसमें 400 लोगों की मौत हो गई। तालिबान ने इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया, जबकि पाकिस्तान ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा दबाव

अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटर राशिद खान (Rashid Khan) ने भी इस हमले की निंदा की है और UN से जांच की मांग की है। भारत ने भी इस हमले को कायरतापूर्ण, जनसंहार जैसा बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है और पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया।