कन्नौज में एक पत्नी ने अफेयर के शक में अपने टीचर पति के स्कूल में हिडन कैमरा लगा दिया। पति और महिला सहकर्मी का आपत्तिजनक वीडियो मिलने पर शिकायत की, जिसके बाद दोनों को सस्पेंड कर दिया गया। पत्नी ने पति को घर से भी निकाल दिया।

लखनऊ: पति-पत्नी के बीच मनमुटाव और तलाक के मामलों के पीछे अक्सर अवैध संबंध एक बड़ी वजह होते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के कन्नौज से सामने आया है, जहां एक पत्नी को अपने टीचर पति पर शक हुआ तो उसने सबूत जुटाने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिसके बारे में किसी ने सोचा भी नहीं था।

उमरीपुर के रहने वाले एक टीचर पर उसकी पत्नी को शक था। पति अक्सर एक्स्ट्रा क्लास या किसी और काम का बहाना बनाकर छुट्टी वाले दिन, यहां तक कि रविवार को भी स्कूल चला जाता था। जब पत्नी इस बारे में सवाल करती तो पति उस पर भड़क जाता था। पत्नी को शक था कि उसके पति का स्कूल में ही पढ़ाने वाली मणिकोठी की एक टीचर के साथ अफेयर चल रहा है। असल में, ये दोनों स्कूल के क्लासरूम और स्टाफ रूम को ही अपने रोमांस का अड्डा बनाए हुए थे। स्कूल के कुछ दूसरे स्टाफ ने इशारों-इशारों में टीचर की पत्नी को इस बारे में बताया भी था।

सबूत जुटाने के लिए पत्नी ने चलाया दिमाग

जब पत्नी ने घर पर पति से इस बारे में बात की तो बड़ा झगड़ा हो गया। पति ने उस पर शक करने का आरोप लगाकर उसे चुप करा दिया। इसके बाद पत्नी ने ठान लिया कि वो सबूत के साथ ही पति की चोरी पकड़ेगी। उसने यूट्यूब पर हिडन कैमरों के बारे में जानकारी जुटाई और फिर एक कैमरा खरीद लिया।

स्कूल में कैमरा लगाया, तो खुल गई पोल

एक दिन पत्नी चुपके से पति के स्कूल पहुंची। वहां उसने स्कूल के एक स्टाफ मेंबर की मदद से क्लासरूम और स्टाफ रूम में हिडन कैमरा लगा दिया। करीब एक हफ्ते बाद जब उसने कैमरा वापस निकालकर उसकी रिकॉर्डिंग देखी तो उसके होश उड़ गए। वीडियो में उसका पति और वो महिला टीचर आपत्तिजनक हालत में थे। ये सब तब होता था जब स्कूल में छात्र नहीं होते थे।

इसके बाद पत्नी ने वो वीडियो स्कूल मैनेजमेंट और जिला शिक्षा अधिकारी को भेजकर शिकायत दर्ज करा दी। वीडियो सामने आते ही हड़कंप मच गया। गुस्साए पेरेंट्स भी स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा हुआ। स्कूल मैनेजमेंट ने फौरन दोनों टीचर्स को सस्पेंड कर दिया है और शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जब पति सस्पेंड होकर घर लौटा तो पत्नी ने उसे घर से भी बाहर निकाल दिया। बताया जा रहा है कि ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।