UP NEWS: कानपुर देहात के रसूलाबाद में विदाई के बाद दूल्हे की कार रोककर मारपीट का मामला सामने आया है। दूल्हे ने दुल्हन के जेवर लूटने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस इसे सिर्फ मारपीट बता रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।

शादी का माहौल, घर में खुशियां और दुल्हन की विदाई… लेकिन कानपुर देहात के रसूलाबाद इलाके में यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। विदाई के बाद दुल्हन को लेकर घर जा रहे दूल्हे की कार को कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया। दूल्हे का आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई और दुल्हन के जेवर भी छीन लिए गए। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले को लूट नहीं बल्कि आपसी मारपीट बता रही है। फिलहाल घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

औरैया से आई थी बारात, धूमधाम से हुई शादी

मिली जानकारी के अनुसार औरैया जिले के हेमापुरवा कला गांव निवासी अंकित की शादी कठिका गांव के राजेश कुमार की बेटी रंजना से हुई थी। सोमवार को शादी की सभी रस्में पूरी हुईं और मंगलवार दोपहर दुल्हन की विदाई हुई। इसके बाद दूल्हा अपनी पत्नी और कार चालक के साथ घर लौटने के लिए निकल पड़ा।

यह भी पढ़ें: पिता की 7वीं शादी रोकने थाने पहुंचा बेटा, बोला–“सर, मेरे पापा को रोकिए…ये रुकने वाले नहीं हैं”

मिंडाकुआ के पास कार रोककर किया गया हमला, दूल्हे का आरोप

दूल्हे अंकित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वे रसूलाबाद थाना क्षेत्र के मिंडाकुआ के पास पहुंचे तो गांव के ही चार लोगों ने उनकी कार का पीछा किया और आगे जाकर उसे रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद उन लोगों ने दूल्हे, दुल्हन और कार चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Scroll to load tweet…

दुल्हन के जेवर और अंगूठियां छीनने का भी लगाया आरोप

दूल्हे का कहना है कि मारपीट के दौरान हमलावर दुल्हन के गहने और उसकी दो अंगूठियां छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद दूल्हे ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस का बयान: लूट नहीं, मारपीट का मामला लग रहा

इस मामले में रसूलाबाद के सीओ आलोक कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में दूल्हा और दुल्हन के साथ लूटपाट की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार यह मामला मारपीट का प्रतीत हो रहा है। पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी तलाश की जा रही है।

Scroll to load tweet…

जांच के बाद ही सामने आएगी पूरी सच्चाई

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि पूरे मामले की सही तस्वीर सामने आ सके। स्थानीय लोगों के बीच भी यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि शादी के तुरंत बाद इस तरह का विवाद सामने आना सभी को हैरान कर रहा है।

यह भी पढ़ें: पहली एनिवर्सरी मनाई… 24 घंटे बाद फंदे से लटकी मिली पत्नी, सुसाइड नोट ने सबको रुलाया