Kanpur Women tower Viral Video: कानपुर में पति की रिहाई की मांग को लेकर एक महिला पुलिस ऑफिस परिसर के मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। कई घंटों तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस को जेल में बंद पति को मौके पर लाना पड़ा, तब जाकर महिला नीचे उतरी।
Kanpur News: कानपुर में मंगलवार को उस वक्त पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए, जब एक महिला अपने पति की रिहाई की मांग को लेकर पुलिस ऑफिस परिसर में बने मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। कई घंटों तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। महिला टॉवर पर चढ़कर लगातार अपने पति को सामने लाने की मांग करती रही। हालात ऐसे बन गए कि पुलिस को आखिरकार जेल में बंद उसके पति को कोर्ट की अनुमति लेकर मौके पर बुलाना पड़ा।

पति को देखते ही महिला की आंखों से आंसू छलक पड़े और वह टॉवर से नीचे उतर आई। नीचे आते ही वह अपने पति से लिपटकर रोने लगी। इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी।
यह भी पढ़ें: Su Sahay Chatbot: अब कोर्ट के चक्कर नहीं! AI बताएगा केस की पूरी जानकारी
टॉवर पर चढ़कर करने लगी हंगामा
घटना कानपुर पुलिस ऑफिस परिसर की है। जानकारी के मुताबिक महिला अपने पति की गिरफ्तारी से नाराज थी और उसे छुड़ाने की मांग कर रही थी। अचानक वह परिसर में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और ऊपर से पुलिस को चेतावनी देने लगी कि जब तक उसके पति को सामने नहीं लाया जाएगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी। महिला को टॉवर पर चढ़ा देख पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घंटों तक महिला को समझाने की कोशिश होती रही, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही।
कोर्ट से अनुमति लेकर लाया गया पति
मामला बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने कानूनी प्रक्रिया के तहत महिला के पति को कोर्ट से अनुमति लेकर मौके पर बुलाया। जैसे ही महिला ने अपने पति को नीचे खड़ा देखा, वह शांत हो गई और धीरे-धीरे टॉवर से नीचे उतर आई। नीचे उतरने के बाद महिला सीधे अपने पति के पास पहुंची और उससे लिपटकर रोने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली क्योंकि लंबे समय तक यह आशंका बनी हुई थी कि महिला कोई बड़ा कदम उठा सकती है।
पति पर दर्ज है पॉक्सो एक्ट का मामला
एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन टाडा ने बताया कि महिला के पति के खिलाफ उसकी मां की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराएं लगाई गई हैं और आरोपी फिलहाल जेल में बंद है। उन्होंने कहा कि महिला को सुरक्षित नीचे उतारना पुलिस की प्राथमिकता थी, इसलिए कानूनी अनुमति के बाद आरोपी को कुछ समय के लिए मौके पर लाया गया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस ऑफिस परिसर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा रही। कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आए। सोशल मीडिया पर भी घटना के वीडियो तेजी से वायरल होने लगे। लोगों ने इस घटना की तुलना फिल्म ‘शोले’ के मशहूर सीन से की, जहां धर्मेंद्र पानी की टंकी पर चढ़ जाते हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला मानसिक तनाव में थी और उसे सुरक्षित नीचे उतारना सबसे बड़ी चुनौती थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
कानपुर का यह मामला अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग महिला की भावनाओं को समझने की बात कर रहे हैं, तो कुछ कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: NEET Paper Leak से टूटा छात्रों का मन, फिर सामने आए आनंद कुमार… कही दिल छू लेने वाली बात
