DK Shivakumar Next CM: क्या कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं सिद्धारमैया? क्या डीके शिवकुमार बन सकते हैं कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री? सिद्धारमैया के इस्तीफे की चर्चाओं के बीच कांग्रेस हाईकमान ने क्या संकेत दिए?
Karnataka Political Crisis: कर्नाटक की राजनीति एक बार फिर बड़े मोड़ पर खड़ी नजर आ रही है। पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस नेतृत्व और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बीच चल रही चर्चाओं के बाद अब सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया इस्तीफा देने के लिए तैयार हो गए हैं और जल्द ही राज्य में नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है। हालांकि कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के हवाले से सामने आ रही जानकारी ने राज्य की राजनीति का तापमान बढ़ा दिया है।

राहुल गांधी का संदेश लेकर पहुंचे रणदीप सुरजेवाला
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान की ओर से रणदीप सिंह सुरजेवाला मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से मुलाकात करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी का संदेश मुख्यमंत्री तक पहुंचाया। चर्चा है कि बातचीत के दौरान सिद्धारमैया ने इस्तीफा देने की सहमति जताई, लेकिन इसके साथ कुछ शर्तें भी रखीं। सूत्रों का दावा है कि उन्होंने अपने बेटे को कैबिनेट में जगह दिए जाने की मांग रखी है। वहीं, राज्यसभा सीट को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें: 99% लोग नहीं जानते! ट्रेन के आखिरी डिब्बे पर क्यों बना होता है ‘X’ Sign?
डीके शिवकुमार के नाम की चर्चा तेज
कांग्रेस के भीतर लंबे समय से यह चर्चा चल रही थी कि सत्ता के ढाई-ढाई साल वाले फॉर्मूले के तहत अब उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। एक दिन पहले पार्टी हाईकमान ने भी कथित तौर पर सिद्धारमैया से इस दिशा में रास्ता साफ करने को कहा था। हालांकि उस समय मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह इस मुद्दे पर गुरुवार को बात करेंगे। अब माना जा रहा है कि आने वाले कुछ घंटों में राजनीतिक तस्वीर साफ हो सकती है।
राज्यपाल से मुलाकात की तैयारी
सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलने का समय मांगा है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि वह गुरुवार को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री अपने कैबिनेट सहयोगियों और डीके शिवकुमार के साथ नाश्ते की बैठक में भी शामिल हो सकते हैं। इससे राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।
कांग्रेस ने आधिकारिक फैसला नहीं माना
राज्य में बढ़ती अटकलों के बीच कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने साफ किया कि पार्टी ने अभी विधायक दल की कोई बैठक नहीं बुलाई है और न ही कोई अंतिम फैसला लिया गया है। उन्होंने नेताओं और मीडिया से इस मामले में जल्दबाजी में निष्कर्ष न निकालने की अपील की। हालांकि पार्टी के भीतर चल रही बैठकों और नेताओं की लगातार मुलाकातों ने सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी है।
विधायकों ने किया समर्थन
कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक देशपांडे ने दावा किया कि सिद्धारमैया ने उन्हें खुद इस्तीफा देने के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कई विधायक और मंत्री मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे और उनसे पद न छोड़ने की अपील की।
लेकिन मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर कहा कि उन्होंने हाईकमान से जो वादा किया है, उसका सम्मान करेंगे। यही वजह है कि वह इस्तीफा देने का निर्णय ले रहे हैं।
अगर सिद्धारमैया इस्तीफा देते हैं, तो कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के गठन के तीन साल बाद बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा। डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की संभावना सबसे ज्यादा मानी जा रही है। फिलहाल पूरे राज्य की नजर कांग्रेस हाईकमान और मुख्यमंत्री आवास से आने वाले अगले राजनीतिक संकेत पर टिकी हुई है।
यह भी पढ़ें: एक्सप्रेसवे से इलेक्ट्रिक बस तक… योगी सरकार ने खोला विकास का मेगा ब्लूप्रिंट
