करवा चौथ पर जहां सुहाग की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा जाता है, वहीं मध्य प्रदेश के शिवपुरी में दो बहनों और चार बच्चों की मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। एक बहन ने पति के गम में जान दी तो दूसरी ने भी बच्चों के साथ उसके सदमें मौत के गले लगा लिया। त्योहार के दिन सामने आई इस दर्दनाक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

शिवपुरी (मंध्य प्रदेश). करवा चौथ का दिन, जब सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं और परिवार की खुशहाली की दुआ मांगती हैं। लेकिन मध्य प्रदेश के शिवपुरी में इसी दिन दो बहनों और चार बच्चों की मौत की खबर ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। एक बहन आठ महीने की गर्भवती थी, जबकि दूसरी अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में मृत मिली। दोनों घटनाओं की जांच पुलिस कर रही है।

करवा चौथ के दिन दो बहनों की मौत से मातम

  • शिवपुरी जिले में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो बहनों और चार बच्चों की जान चली गई। पहली घटना बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव की है। यहां 35 साल की अंजलि ने अपने छह साल के बेटे प्रशांत के साथ कुएं में छलांग लगा दी। अंजलि आठ महीने की गर्भवती थी। इस घटना में मां और बेटे की मौत हो गई। गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई।
  • अंजलि की तीन बेटियां भी उस समय वहां मौजूद थीं। बड़ी बेटी मोनिका ने खुद को और अपनी दोनों छोटी बहनों को बचा लिया। इसके बाद उसने घर जाकर परिवार को घटना की जानकारी दी।

पति की मौत के बाद तनाव में थी अंजलि

परिजनों के मुताबिक, अंजलि के पति धर्मवीर सिंह रावत की करीब डेढ़ महीने पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद से वह तनाव में थी। हालांकि, पुलिस ने अभी घटना की वजह की पुष्टि नहीं की है।

कुछ घंटे बाद बड़ी बहन और तीन बच्चों की मौत

  • दूसरी घटना कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई गांव की है। यहां 40 साल की सीता रावत अपने तीन बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ खेत पर गई थी। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की।
  • खेत पर कुएं के पास चप्पल मिलने के बाद परिजनों ने अंदर देखा, तो एक बच्चे का शव नजर आया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तलाशी कर सीता और उसके तीनों बच्चों के शव बाहर निकलवाए। बुधवार रात करीब 11 बजे तक शवों को निकालने की कार्रवाई पूरी हुई।

दोनों बहनों के बीच था गहरा लगाव

  • सीता के जेठ हाकम सिंह के मुताबिक, दोनों बहनें एक-दूसरे के करीब थीं और अक्सर फोन पर बात करती थीं। परिजन सीता की मौत को छोटी बहन की मौत के सदमे से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है।
  • करवा चौथ जैसे भावनात्मक दिन पर सामने आई इस घटना ने इलाके को गमगीन कर दिया है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। मौतों के पीछे की परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेंगी।