मध्य प्रदेश के मंदसौर से दर्दनाक खबर सामने आई है। जहां तीन बहनों का इकलौता भाई साढ़े चार साल का बाबू, जिसकी हंसी से घर गुलजार रहता था, उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हैरानी की बात यह है कि मासूम की हत्या का आरोप पड़ोस की 12 साल की बच्ची पर है। दोनों के बीच झगड़े के बीच की वजह है चॉकलेट...
मंदसौर. मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के शामगढ़ की पंजाबी कॉलोनी में साढ़े चार साल के बच्चे की मौत से सनसनी फैल गई। बच्चे का नाम कृष्णपाल उर्फ बाबू था। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। पुलिस के मुताबिक, करीब 10 से 15 दिन पहले चॉकलेट को लेकर हुए विवाद के बाद पड़ोस में रहने वाली साढ़े 12 साल की बच्ची उससे नाराज थी। आरोप है कि बच्ची ने चॉकलेट देने के बहाने बाबू को घर बुलाया और पानी की टंकी में धकेल दिया। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज किया है।
24 अक्टूबर को अचानक लापता हो गया था बाबू
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे बाबू अचानक लापता हो गया। परिवार के लोगों ने उसे आसपास तलाशा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आसपास के घरों की तलाशी ली।
जांच के दौरान पड़ोस के एक मकान पर संदेह हुआ। वहां बनी पानी की टंकी की जांच की गई, तो उसके अंदर बाबू का शव मिला। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
चॉकलेट को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, करीब 10 से 15 दिन पहले चॉकलेट को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली बच्ची ने बाबू की चॉकलेट ले ली थी। इस बात पर बाबू की मां ने बच्ची को डांट दिया था। पुलिस को शक है कि इसी बात से बच्ची नाराज थी।
आरोप है कि 24 अक्टूबर को बच्ची ने बाबू को चॉकलेट देने के बहाने अपने घर बुलाया और पानी की टंकी में धकेल दिया। इसके बाद टंकी का ढक्कन बंद कर दिया और उसके ऊपर पत्थर रख दिया। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन बहनों का इकलौता भाई था बाबू
बाबू अपने परिवार में तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार पानी-पतासे का ठेला लगाकर गुजारा करता था। जिस घर में बाबू की हंसी गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा है।
घटना के बाद बाबू के माता-पिता घर पर ताला लगाकर आगरा चले गए हैं। जिस मकान की पानी की टंकी से बच्चे का शव मिला था, उसे पुलिस ने सील कर दिया है। आरोपी बच्ची का परिवार भी फिलहाल वहां से चला गया है।
कॉलोनी में पसरा सन्नाटा
इस घटना ने पंजाबी कॉलोनी के लोगों को झकझोर दिया है। आसपास के मकानों में सन्नाटा पसरा है। एक छोटी-सी चॉकलेट को लेकर शुरू हुए विवाद में मासूम की जान जाने के आरोप ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।






