Kashmir Terror Alert: लतीफ भट के मारे जाने के बाद PoK में 500 से ज्यादा आतंकियों की मौजूदगी का खुफिया इनपुट। ISI की नई घुसपैठ रणनीति, पहलगाम जैसी साजिश और स्कूली बच्चों को लेकर बड़ा अलर्ट।
कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है, लेकिन सीमा पार से एक नए खतरे की आहट सुनाई दे रही है। दक्षिण कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी सक्रिय आतंकी बताए जा रहे लतीफ भट के मारे जाने के बाद पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की बेचैनी बढ़ने की आशंका है। खुफिया इनपुट के मुताबिक, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में 500 से ज्यादा आतंकी भारत में घुसपैठ के मौके की तलाश में हैं।
PoK में 500 से ज्यादा आतंकी, तीन संगठनों का नेटवर्क सक्रिय
खुफिया एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, PoK के लॉन्चपैड पर लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी मौजूद हैं। आशंका है कि लतीफ भट के मारे जाने के बाद इन संगठनों पर घाटी में दोबारा अपना नेटवर्क खड़ा करने का दबाव बढ़ गया है। हालांकि, 500 से ज्यादा आतंकियों की मौजूदगी का दावा स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें: 'बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं...' आजम खान ने ओवैसी को सुनाई खरी-खरी, मुस्लिम वोटों पर छिड़ी जंग!
ISI का नया प्लान, एक साथ कई इलाकों में घुसपैठ की आशंका
खुफिया इनपुट के मुताबिक, इस बार घुसपैठ की रणनीति बदली जा सकती है। पहले छोटे समूहों को अलग-अलग भेजने की कोशिश होती थी, लेकिन अब कई रास्तों से एक साथ घुसपैठ कराकर सुरक्षा बलों पर दबाव बनाने की आशंका है। कुपवाड़ा, उरी, पुंछ और बडगाम जैसे इलाकों को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत बताई गई है।
भारत में घुसते ही हमला नहीं, जंगलों में छिपने की तैयारी?
अधिकारियों के मुताबिक, संभावित घुसपैठियों को तत्काल हमला करने के बजाय सुरक्षित ठिकानों पर छिपने और अगले निर्देश का इंतजार करने को कहा जा सकता है। खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि आतंकी पहलगाम हमले जैसी रणनीति अपना सकते हैं, जिसमें कथित तौर पर हमलावर लंबे समय तक छिपे रहने के बाद सक्रिय हुए थे।
स्कूली बच्चों तक पहुंच बनाने की कोशिश, नया खतरा
सबसे चिंताजनक इनपुट स्थानीय ओवरग्राउंड वर्कर (OGW) नेटवर्क को लेकर है। आशंका जताई गई है कि आतंकी संगठन ऐसे युवाओं और स्कूली बच्चों को अपने नेटवर्क में शामिल करने की कोशिश कर सकते हैं, जिनका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा हो। इन लोगों का इस्तेमाल आतंकियों को रसद, ठिकाने और दूसरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए किए जाने की आशंका है।
लतीफ भट की मौत के बाद सोशल मीडिया पर भी साजिश?
खुफिया अधिकारियों ने लश्कर-ए-तैयबा की ओर से दुष्प्रचार बढ़ाए जाने की आशंका जताई है। फर्जी खबरों और भ्रामक संदेशों के जरिए सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश हो सकती है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों के सामने सीमा पार से संभावित घुसपैठ, स्थानीय आतंकी नेटवर्क और ऑनलाइन दुष्प्रचार जैसी चुनौतियां हैं।
यह भी पढ़ें: सांड ने Kwid को बना दिया कबाड़! CCTV में कैद हुआ ऐसा नजारा, VIDEO देख रह जाएंगे दंग













